एसआइआर प्रशिक्षण कार्यक्रम को लेकर झामुमो ने बनाई रणनीति
14 जून को झामुमो ने गांवा में प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की। बैठक में एसआइआर प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकर्ताओं की भागीदारी पर चर्चा हुई। प्रणव वर्मा ने कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु सभी कार्यकर्ताओं से तत्परता से जुटने का आह्वान किया। बैठक में कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

गांवा, प्रतिनिधि। 14 जून को आयोजित होनेवाले एसआइआर प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने को लेकर झामुमो की प्रखंड स्तरीय बैठक गांवा में हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष अजय सिंह ने की, जबकि मुख्य रूप से झामुमो केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य प्रणव वर्मा उपस्थित थे। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती एवं बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए प्रणव वर्मा ने कहा कि एसआइआर प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता के साथ जुटने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने बीएलए-2 के गठन में तेजी लाने और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने पर विशेष बल दिया। बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा, प्रचार-प्रसार, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर रणनीति तैयार की गई। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया। मौके पर युवा प्रखंड अध्यक्ष शुभम भानु, महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष रेशमा प्रवीण, शक्ति रविदास, विजय राणा, बासदेव यादव, रवि वर्मा, शिवनारायण राउत कई झामुमो कार्यकर्ता उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


