विस्थापितों की समस्याओं को लेकर झाकोमयू ने किया प्रदर्शन
गिरिडीह में झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन ने विस्थापितों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। यूनियन ने महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष ज्ञापन सौंपा और 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया। अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी। विस्थापितों के लिए नौकरी और मुआवजे की मांग की गई।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। विस्थापित एवं मजदूरों की समस्याओं को लेकर शुक्रवार को झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन ने गिरिडीह कोलियरी के बनियाडीह स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। इस दौरान झाकोमयू के अध्यक्ष हरगौरी साव छक्कू, सचिव तेजलाल मंडल, जोनल उपाध्यक्ष दिलीप मंडल सहित एक शिष्टमंडल ने पांच सूत्री मांगों को लेकर एक ज्ञापन परियोजना पदाधिकारी के नाम कर्मी को सौंपा। साथ ही विस्थापितों और रैयतों की समस्याओं के निष्पादन के लिए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया गया। इसके भीतर समस्या का निष्पादन नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन के दौरान झाकोमयू के जोनल उपाध्यक्ष दिलीप मंडल ने कहा कि विस्थापितों को नौकरी और मुआवजा के लिए जमीन अधिग्रहण के समय 1980 से ही प्रबंधन को मांग पत्र सौंपा जा रहा है, पर कोई ठोस सुनवाई नहीं हुई है।
इससे पता चलता है कि केंद्र की संस्थान ने झारखंडियों को लूटा है। इसकी लड़ाई झाकोमयू लड़ते आ रहा है। इस बार आखिरी मांग पत्र सौंपा गया है और 15 दिनों का समय दिया गया है। इस बार प्रबंधन द्वारा गंभीरता से हल नहीं निकाला गया तो 64 रैयतों की नौकरी व मुआवजा की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। झाकोमयू के अध्यक्ष हरगौरी साव छक्कू ने कहा कि विस्थापितों को लेकर सीसीएल प्रबंधन गम्भीर नहीं है। मजदूर एवं विस्थापितों के साथ भेदभाव एव उपेक्षापूर्ण नीति के कारण विस्थापितों एवं मजदूरों में भारी आक्रोश है। कहा कि भविष्य में यह समस्या औद्योगिक अशांति का कारण बन सकता है। सचिव तेजलाल मंडल ने बताया कि मुख्य रूप से गिरिडीह ओपनकास्ट खदान के लिए गये रैयतों से अर्जित भूमि के बदले में वर्षों से लम्बित नौकरी एवं मुआवजा यथाशीघ्र देने, 64 विस्थापित परिवार को वैकल्पिक रोजगार के तहत आउटसोर्सिंग में नियोजन, रोड सेल के माध्यम से स्थानीय लोगों को ट्रक लोडिंग का रोजगार देने, सीसीएल क्षेत्र में पानी, बिजली, शिक्षा एवं स्वास्थ्य की व्यवस्था करने, वर्षों से लम्बित प्रमोशन सीसीएल कर्मचारी को क्रमवार रूप से देने, गिरिडीह ओपेनकास्ट खदान का विभागीय संचालन करने संबंधित मांग पत्र प्रबंधन को सौंपा गया है। प्रदर्शन में मुख्तार अंसारी, सीताराम हांसदा, विस्थापित मोर्चा के देवचरण दास, डीलचंद तुरी, पवन कुमार, बंकिम कुमार, सुखदेव दास, संजय कुमार, मुमताज अंसारी, मो सिराजउद्दीन, उसमान, प्रदीप टुड्डू, चुड़का हांसदा, साहेब राम बेसरा सहित कई लोग थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



