Gridih News: कुसमाडीह पंचायत में एसआईआर के दौरान हुई घटना की जांच शुरू
Gridih News: सरिया के कुसमाडीह में बीडीओ एलएन तिवारी द्वारा ग्रामीणों के साथ दुर्व्यवहार की जांच शुरू हो गई है। पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने धरना दिया। जांच टीम ने कई ग्रामीणों के बयान लिए और सीसीटीवी फुटेज भी देखा। अभियुक्त बीडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

Gridih News: सरिया। सरिया के कुसमाडीह में करीब एक माह पूर्व एसआईआर के दौरान सरिया बीडीओ एलएन तिवारी एवं ग्रामीणों के बीच हुई घटना को लेकर जांच शुरू हो गई है। गठित टीम में गुरुवार को अपर समाहर्ता गिरिडीह वैभव कुमार सिंह तथा बगोदर सरिया अनुमंडल पदाधिकारी संतोष कुमार गुप्ता ने घटना की जांच की। यह टीम कुसमाडीह सेंटर पहुंची और वहां के दर्जनों ग्रामीणों का बयान लिया। ज्ञात रहे कि पिछले दिनों सरिया प्रखंड के कुसमाडीह पंचायत मुख्यालय में एसआईआर के दौरान सरिया बीडीओ के द्वारा ग्रामीणों के साथ किए गए दुर्व्यवहार, गाली-गलौज, मारपीट और उल्टे ग्रामीणों पर किए फर्जी मुकदमे के खिलाफ बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने सरिया थाना पहुंच कर देर रात तक धरना दिया था।
जिसके बाद सरिया बीडीओ पर मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसकी जांच के लिए जिला स्तरीय टीम गठित की गई है। आज उसी टीम के समक्ष दर्जनों ग्रामीणों ने सरिया बीडीओ की करतूत को बारी बारी से रखा और सीसीटीवी फुटेज भी दिया। इस मौके पर बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह मौजूद रहे। सिंह के साथ माले के सरिया पार्टी प्रभारी सीताराम सिंह, पार्टी सचिव लालमणि यादव, जिला कमेटी सदस्य मनोज पांडेय समेत बड़ी संख्या में समाजसेवी ग्रामीण भी मौजूद रहे।

