Gridih News: ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, इंटर छात्र की मौत
Gridih News: खोरीमहुआ। धनवार प्रखंड क्षेत्र के निमाडीह पंचायत अंतर्गत कैलपुर गांव निवासी अनिकेत कुमार (19) की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद गुरुवार को गांव में मातम

Gridih News: खोरीमहुआ। धनवार प्रखंड क्षेत्र के निमाडीह पंचायत अंतर्गत कैलपुर गांव निवासी अनिकेत कुमार (19) की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद गुरुवार को गांव में मातम पसर गया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही अनिकेत का शव गांव पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। अनिकेत अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और 2 बीरेंद्र अयन उच्च विद्यालय, डोरंडा में इंटर का छात्र था। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। जानकारी के अनुसार, अनिकेत कुमार बुधवार दोपहर बाइक से घर से निकला था। उसके साथ मरकच्चो प्रखंड के मूर्कमनाय गांव निवासी विक्की विश्वकर्मा, पिता उपेंद्र विश्वकर्मा भी था।
दोनों बाइक से नवलशाही में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। बताया गया कि नवलशाही चौक के समीप विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही अनिकेत ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल विक्की विश्वकर्मा का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। अनिकेत की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इकलौते पुत्र की मौत की खबर से पूरे कैलपुर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के बाद गांव का माहौल पूरी तरह गमगीन बना हुआ है।


