Gridih News: बीमा कर्मचारी संघ की बैठक में निजीकरण के प्रयासों का विरोध
Gridih News: गिरिडीह में बीमा कर्मचारी संघ की वार्षिक आम बैठक में सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों के निजीकरण पर चिंता जताई गई। बैठक में नई भर्ती, पुरानी पेंशन योजना की बहाली और अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। संजय शर्मा को अध्यक्ष चुना गया। अंत में धन्यवाद ज्ञापन किया गया।

Gridih News: गिरिडीह, प्रतिनिधि। बीमा कर्मचारी संघ हजारीबाग मंडल की गिरिडीह बेस इकाई की वार्षिक आम बैठक मंगलवार को एलआईसी शाखा परिसर में हुई। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं वरीय शाखा प्रबंधक द्वारा 10 छायादार पौधे लगाकर की गई। बैठक की अध्यक्षता बेस इकाई अध्यक्ष संजय शर्मा ने की। बैठक में मंडलीय अध्यक्ष हेमंत मिश्रा, महासचिव जगदीश चंद्र मित्तल, संयुक्त सचिव शंकर कुमार और कोषाध्यक्ष विजय चौबे उपस्थित रहे।
बैठक में चर्चा
बेस सचिव धर्म प्रकाश ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सार्वजनिक प्रतिष्ठानों के विनिवेश और निजीकरण की नीतियों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार के अवसर प्रभावित हो रहे हैं और आर्थिक असमानता बढ़ रही है। मुख्य अतिथि जगदीश चंद्र मित्तल ने सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों को मजबूत करना राष्ट्रहित में बताया। उन्होंने बीमा क्षेत्र में निजीकरण के विरोध, नई भर्ती, पुरानी पेंशन योजना की बहाली और कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर संगठन के संघर्षों की जानकारी दी।
संगठनात्मक एकता पर जोर
हेमंत मिश्रा ने संगठनात्मक एकता और सदस्यता मजबूत करने पर जोर दिया। बैठक में एलआईसी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की बीमा कंपनियों के निजीकरण के प्रयासों का विरोध करने, संवर्ग तीन व चार में जल्द पर्याप्त नई भर्ती शुरू करने तथा पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। आगामी वर्ष के लिए संजय शर्मा अध्यक्ष, धर्म प्रकाश सचिव, कुमकुम बाला वर्मा व उमानाथ झा उपाध्यक्ष चुने गए। अनुराग मुर्मू, विजय कुमार व राजेश कुमार उपाध्याय संयुक्त सचिव बनाए गए। अंत में राजेश कुमार उपाध्याय ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


