
कबाड़ से जुगाड़ कर बाल वैज्ञानिकों ने बनाए 95 प्रोजेक्ट
बगोदर के यमुनिया स्थित प्रज्ञान पब्लिक स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें क्लास तीन से 10वीं तक के छात्रों ने 95 प्रोजेक्ट पेश किए, जिसमें ऑटोमैटिक ब्रेक सिस्टम कार, स्मार्ट छड़ी और जल संरक्षण जैसे प्रोजेक्ट शामिल थे। अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की और इस तरह के कार्यक्रमों के महत्व पर जोर दिया।
बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर के डोरियो अंतर्गत यमुनिया स्थित प्रज्ञान पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। जिसमें क्लास तीन से 10वीं तक के सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया एवं ग्रुप में बंटकर कबाड़ से जुगाड़ कर एक से बढ़कर एक कुल 95 प्रोजेक्ट बनाकर उसकी प्रदर्शनी लगायी। प्रदर्शनी में ऑटोमैटिक ब्रेक सिस्टम कार, एलपीजी गैस लीकेज डिटेक्टर, अंधों के लिए स्मार्ट छड़ी, एलआई फाई, माइक्रोस्कोप, सौर ऊर्जा, वाटर फिल्टर, ऑटोमैटिक स्ट्रीट लाइट, प्रवासी पक्षी मॉडल, जल संरक्षण, वायु प्रदुषण नियंत्रक सहित लगभग एक सौ की संख्या में बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रोजेक्ट बनाए एवं उसकी प्रदर्शनी लगाकर लोगों को प्रोजेक्ट के बारे में विस्तार से जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अलोकिक सागर, नागेश्वर महतो एवं आफताब आलम उपस्थित थे । अतिथियों ने जज की भी भूमिका निभाई एवं घूम-घूमकर सभी प्रोजेक्ट से रुबरु हुए। बच्चों के द्वारा बनाए गए प्रोजेक्ट की अतिथियों ने तारीफ करते हुए कहा कि बच्चों में छुपी हुई प्रतिभा को निखारने के लिए इस तरह के कार्यक्रम जरुरी है। मौके पर स्कूल के चेयरमैन संजय सुमन, प्रधानाध्यापक जगदीश प्रसाद, शिक्षकों में प्रोजेक्ट हेड नीतेश कुमार सिंह, नीलकंठ महतो, अनिता विश्वकर्मा, पूजा साव, रिया कुमारी, गणेश कुमार राणा, वीरेंद्र प्रसाद, संध्या कुमारी, रीता कुमारी आदि उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




