पिकनिक के लिए निकले घायल युवक की रिम्स में मौत
जमुआ। शनिवार को खरगडीहा-देवघर मुख्य पथ पर गांडो के नजदीक ऑटो की ठोकर से घायल हुए युवक की शनिवार देर रात मौत हो...

जमुआ। शनिवार को खरगडीहा-देवघर मुख्य पथ पर गांडो के नजदीक ऑटो की ठोकर से घायल हुए युवक की शनिवार देर रात मौत हो गई। विदित हो कि शनिवार को राजधनवार थाना क्षेत्र के कृपालपुर निवासी हुरो विश्वकर्मा के 25 वर्षीय पुत्र अनिल विश्वकर्मा अपने सहपाठी सह पड़ोसी हरि ठाकुर और मुन्ना ठाकुर के साथ बड़ा दिन के अवसर पर पिकनिक मनाने घर से निकला था। जमुआ थाना क्षेत्र के गांडो के पास उसकी बाइक की टक्कर एक मालवाहक ऑटो से हो गई थी। जिसमें बाइक में सवार अनिल विश्वकर्मा, हरि ठाकुर और मुन्ना ठाकुर तीनों बुरी तरह से घायल हो गए थे। ज्यादा चोट लगने के कारण अनिल विश्वकर्मा की स्थिति नाजुक थी। स्थानीय लोगों द्वारा किसी तरह सभी को जमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया था। जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया था। अनिल विश्कर्मा के परिजन उसे रांची स्थित रिम्स में लेकर आये थे। लेकिन शनिवार देर रात इलाज के दौरान रांची रिम्स में उसकी मौत हो गई है। बताया जाता है कि शनिवार को पिकनिक के क्रम में हरि ठाकुर का मोबाइल कहीं खो गया था। घर आने पर इसका आभास जब हुआ तो पुनः तीनों साथी बाइक लेकर मोबाइल खोजने उसी रास्ते पर निकल पड़े, जिस रास्ते से वह वापस घर लौटे थे। वे चकाई की ओर जा रहे थे। इसी क्रम में गांडो के नजदीक विपरीत दिशा से आ रहे माल एक मालवाहक ऑटो से उसकी बाइक टकरा गई थी। जो अनिल की मौत का कारण बना। इधर घटना के बाद मृतक की पत्नी बसंती देवी, पिता हुरो विश्वकर्मा, भाई पप्पू विश्वकर्मा, उमेश विश्वकर्मा, गणेश विश्वकर्मा के अलावा उसके घर की महिलाओं का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया जाता है कि अनिल चार भाइयो में तीसरे नंबर पर था और अपने परिवार का अकेला कमाऊ सदस्य था। उसी की बदौलत उसका घर भी चलता था। अनिल के भाई पप्पू विश्वकर्मा ने बताया कि अनिल की शादी छह वर्ष पूर्व ही हुई थी। उसका एक छह माह का बेटा है। बताया कि अनिल गांव में ही फर्नीचर की दुकान चलाता था।
