
अवैध बालू लदे दो ट्रैक्टर जब्त, दोनों का ड्राइवर फरार
बगोदर में प्रशासन ने अवैध बालू के खिलाफ कार्रवाई की है। सीओ प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने दो ट्रैक्टरों को जब्त किया, जो बराकर नदी से बालू लाए जा रहे थे। ड्राइवर भाग गए, और रोजाना 30-40 ट्रैक्टर अवैध बालू की ढुलाई कर रहे हैं, प्रशासन की कार्रवाई को खानापूर्ति माना जा रहा है।
बगोदर, प्रतिनिधि। अवैध बालू के खिलाफ प्रशासन के द्वारा कार्रवाई की गई है। बगोदर सीओ प्रवीण कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाकर मंगलवार को बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया है। पुलिस ने दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर लिया है। दोनों के डाला में बालू लदा हुआ है, जो कि सरिया के बराकर नदी से लाया जा रहा था। हालांकि प्रशासन को देखकर दोनों ट्रैक्टरों का ड्राइवर गाड़ी से कूदकर भाग निकला। थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। बता दें कि बगोदर-सरिया रोड होकर प्रतिदिन 30 से 40 ट्रैक्टरों से अवैध बालू की ढुलाई की जाती है।
अहले सुबह में तो इस रोड पर अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों का तांता लगा हुआ रहता है और ट्रैक्टरों की रफ्तार भी बेलगाम रहती है। इसके अलावा दिन भर छिटपुट कर अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों का परिचालन इस रोड होकर होता है। बताया जाता है कि बराकर नदी से अवैध रूप से बालू लादकर ट्रैक्टरों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बालू को खपाया जाता है। महंगे दामों में भी बालू बेचा जाता है। ट्रैक्टर चालकों का कहना है कि उसे मैनेज करने में रुपए देने पड़ते हैं इसलिए महंगे दामों में बालू को बेचा जाता है। इन दिनों ईट भट्ठों का संचालन भी शुरू हो गया है। ऐसे में अवैध कोयला के साथ अवैध बालू भी उन भट्ठों में पहुंचता है। हालांकि प्रशासन की इस कार्रवाई को महज खानापूर्ति करार दिया जा रहा है। चूंकि 30 से 40 की संख्या में अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों का परिचालन रोज होता है। ऐसे में दो ट्रैक्टरों को पकड़ना महज खानापूर्ति ही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




