सरिया स्थित जीवन धारा नर्सिंग होम सील
शुक्रवार को सरिया के जीवन धारा नर्सिंग होम में प्रशासनिक अधिकारियों ने औचक निरीक्षण के बाद तीन कमरों को सील कर दिया। जांच में पाया गया कि नर्सिंग होम का कोई रजिस्ट्रेशन नहीं था और यहां गैर-कानूनी...

सरिया, प्रतिनिधि। शुक्रवार को सरिया के कबड़िया टोला स्थित जीवन धारा नर्सिंग होम में प्रशासनिक अधिकारियों ने औचक निरीक्षण के बाद नर्सिंग होम के तीन कमरे को सील कर दिया। जानकारी के अनुसार दोपहर दो बजे सरिया एसडीपीओ धनंजय राम के नेतृत्व में पुलिस बल नर्सिंग होम पहुंचा। पुलिस को देखकर वहां मौजूद कर्मी भागने लगे जिसके बाद अंदर जाकर पूरे हालात की जानकारी ली गई। इसके बाद बतौर नियुक्त मजिस्ट्रेट सरिया बीडीओ एल एन तिवारी के साथ सरकारी डॉ. अनुराधा कुमारी एवं पुलिस अधिकारी सबिता कुमारी ने जांच पड़ताल शुरू की।करीब चार घण्टे तक चले निरीक्षण के बाद तीन कमरों को सील कर दिया गया है।
जीवन धारा नर्सिंग होम में छापेमारी व सील करने के मामले में एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि जानकारी मिल रही थी कि उस नर्सिंग होम में गैर-कानूनी कार्य हो रहे हैं जिसकी जांच की गई। इस क्रम में पता चला कि इसका कोई रजिस्ट्रेशन नहीं है। साथ ही यहां ऑपरेशन, गर्भपात, अल्ट्रासाउंड जैसे गैरकानूनी कार्य का संचालन हो रहा था। यहां से सर्जिकल के सामान, दवा, लैपटॉप व मेडिकल से जुड़े कई सामान भी पाए गए। जब रजिस्ट्रेशन ही नहीं है तो सारा काम ही गैर-कानूनी है। लंबी जांच पड़ताल के बाद इस नर्सिंग होम के तीन कमरों को बीडीओ की देखरेख में सील कर दिया गया है। एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी बिनय कुमार के आवेदन पर नर्सिंग होम संचालक सूरज कुमार समेत अन्य कर्मियों पर सरिया थाना में मामला दर्ज किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




