Gridih News: खनन विभाग की कार्रवाई पर सवाल, प्राथमिकी खानापूरी
Gridih News: बेंगाबाद के साठीबाद खदान में अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो गए हैं। रिपोर्ट में गंभीर तथ्यों की कमी और सिर्फ दो लोगों को नामजद करने के कारण ग्रामीणों ने विभाग पर सांठगांठ का आरोप लगाया है। खदान से लगातार अवैध खनन हो रहा था, जिससे आसपास के लोग परेशान थे।

Gridih News: बेंगाबाद। साठीबाद खदान में अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग की कार्रवाई पर अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं। विभाग द्वारा बेंगाबाद थाना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में कई महत्वपूर्ण तथ्यों को गायब रखने के कारण सांठगांठ का आरोप लग रहा है। खनन निरीक्षक शुभम दत्ता द्वारा दिए गए आवेदन में खदान से 2 पोकलेन और 2 वाटर पंप युक्त ट्रैक्टर जब्त करने का जिक्र है। लेकिन छापेमारी के दौरान मौके से बरामद आईडी का कोई उल्लेख नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात-रात भर खदान में होने वाले विस्फोट से आसपास के घर दहल जाते थे।
ऐसे में दर्ज मामले की जप्ती सूची से विस्फोटक संबंधी बिंदुओं का गायब होना विभाग की मंशा पर सवाल खड़े कर रहा है। विभाग ने प्राथमिकी में सिर्फ 2 लोगों को नामजद किया है जबकि ग्रामीणों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार अवैध खनन में बाहरी लोगों के साथ कई स्थानीय लोग भी शामिल हैं। इसकी जानकारी विभाग को भी है, बावजूद इसके नाम नहीं जोड़े जाना संदेह को और गहरा करता है। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले 6 महीने से साठीबाद खदान से धड़ल्ले से अवैध खनन हो रहा था। रोजाना 20 से अधिक हाइवा पत्थर निकालकर उसे स्थानीय और आसपास के क्रशरों में खपाया जा रहा था। हाइवा के साथ चार पहिया वाहनों का सिंडिकेट के सदस्य निगरानी करते थे।


