तिसरी प्रखंड से बड़े पैमाने पर हो रही अवैध माइका की तस्करी
तिसरी प्रखंड में बड़े पैमाने पर अवैध माइका की तस्करी हो रही है। माइका माफियाओं द्वारा हर दिन 20 लाख रुपए से अधिक का कारोबार किया जा रहा है। वन और खनन विभाग को जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। माफिया अब जंगली क्षेत्रों में माइका का उत्खनन कर गांव में संग्रह कर उसे तस्करी के लिए भेज रहे हैं।

तिसरी। तिसरी प्रखंड से बड़े पैमाने पर अवैध माइका की तस्करी की जा रही है। तिसरी प्रखंड के उतरी और दक्षिणी छोर पर स्थित दूर-दराज के गांवों में उत्खनन करवाने से लेकर संग्रह कराकर तिसरी के माइका माफियाओं द्वारा हर दिन लगभग 20 लाख से अधिक रुपए के अवैध माइका की तस्करी की जाती है। वन और खनन विभाग को इसकी कथित जानकारी रहने के बावजूद माइका माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है जिसके कारण माइका माफियाओं का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। मजे की बात यह है कि वन विभाग द्वारा लगाए गए चेकनाका के नाक के नीचे से इस गोरखधंधे को अंजाम दिया जाता है और वनकर्मी देखते ही रह जाते हैं।
गौरतलब है कि तिसरी प्रखंड के पचरुखी, खटपोक, लोकाय, साखम, गोलगो, कर्णपुरा, डुब्बा, असनातरी, लदबेदवा, नारोटांड़, कानीचिहार, मनसाडीह, तिसरो, बरवाडीह तथा सांख पंचायत के कुसमाय, राजपुरा आदि गांवों के बड़े भूखंड पर अवैध रूप से खदान संचालित करवाकर माइका का उत्खनन करवाया जाता है। इसके बाद गांव के ही किसी घर में माइका का संग्रह किया जाता है। काफी मात्रा में माइका संग्रह किए जाने के बाद ट्रक, मिनी ट्रक यानी 407 व 709 और पिकअप गाड़ी में लोड करवाया जाता है। इसके बाद रात के अंधेरे में इसे घंघरीकुरा व जमडार के रास्ते से डोमचांच व मसनोडीह ले जाकर इसकी तस्करी की जाती है। वहीं तिसरी, देवरी, नवडीहा, बेंगाबाद और घंघरीकुरा, खोरीमहुआ के रास्ते से गिरिडीह व सिरसिया की फैक्ट्रियों में तस्करी के लिए ले जाया जाता है। इस गोरखधंधे में तिसरी के कई माफिया और सफेदपोश लगे हुए हैं और इस काले धंधे से हर दिन लाखों की कमाई कर वे मालामाल हो रहे हैं। काम करने का बदला तरीका कुछ महीने पहले तक माइका माफिया जंगलों में खदान संचालित करवाकर तिसरी के खिजुरी, कसियाटांड़, केवटाटांड़, पंदनाटांड़, गम्हरियाटांड़ और डिपो रोड स्थित फैक्ट्री में अवैध माइका का संग्रह करवाते थे। इसके बाद ट्रकों में लोड करके गिरिडीह, डोमचांच, मसनोडीह और कोडरमा ले जाकर माइका की तस्करी करते थे। किंतु पुलिस-प्रशासन द्वारा माइका उत्खनन से लेकर इसके अवैध कारोबार पर नकेल कसे जाने से तथा फैक्ट्रियों में लगातार छापेमारी कर इसे सील करने के बाद माइका माफियाओं ने माइका के अवैध कारोबार करने का तरीका ही बदल लिया है। अब तस्कर और माफियाओं द्वारा जंगली क्षेत्रों में माइका का अवैध उत्खनन करवाने का काम किया जाता है। फिर उत्खनन किए गए माइका को गांव में ही संग्रह किया जाता है। इसके बाद छोटे, बड़े ट्रक या फिर कई पिकअप गाड़ियों में लोड करवाकर घंघरीकुरा के रास्ते से डोमचांच और मसनोडीह स्थित फैक्ट्रियों में ले जाया जाता है। देवरी व नवडीहा के रास्ते से बेंगाबाद या गिरिडीह भी माइका ले जाया जाता है। पुलिस की आंखों में झोंकी जाती है धूल माइका माफियाओं द्वारा पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर हर रोज रात के अंधेरे में कई गाड़ियों से माइका की तस्करी की जाती है। तस्करी करने के दौरान माइका माफियाओं द्वारा पुलिस और गाड़ी की रेकी की जाती है। ताकि तिसरी से डोमचांच व गिरिडीह तक के किसी भी थाना की पुलिस अवैध माइका लदी गाड़ियों को पकड़ नहीं सके इसलिए कोई गाड़ी के काफी आगे कार से चलता है तो कोई बीच में और पीछे रहता है। जरा सी भी पुलिस की भनक लगने पर गाड़ी को जंगल की ओर ले जाकर छुपा दिया जाता है। ताकि पुलिस माइका की गाड़ी पकड़ नहीं सके। माइका माफिया बहुत ही चालाकी से इस गोरखधंधे को अंजाम दे रहे हैं। गावां वन प्रक्षेत्र के रेंजर अनिल कुमार से इस सम्बन्ध में प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।


