
धक्का मारने वाले वाहन का मिला सुराग
गिरिडीह में एक बाइक सवार संजय दास को एक मालवाहक मिनी ट्रक ने धक्का मार दिया। संजय की पत्नी ने चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए शिकायत की है। पुलिस ने ट्रक का पता लगाने के लिए साक्ष्य एकत्र किए...
गिरिडीह, प्रतिनिधि। गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ पर न्यू पुलिस लाईन के निकट मंगलवार देर रात को ससुराल जा रहे बाइक सवार को धक्का मारने वाले वाहन का पता चल गया है। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तुरुकडीहा निवासी 22 वर्षीय संजय दास को मालवाहक टाटा मिनी ट्रक द्वारा धक्का मारा गया था। यह मालवाहक मिनी ट्रक सफेद रंग का है और यह मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बरहमोरिया का ही है। हालांकि अभी पुलिस धक्का मारने वाले वाहन को जब्त कर थाना नहीं ला सकी है परंतु धक्का मारने वाले इस मालवाहक मिनी ट्रक को लेकर सारे साक्ष्य जुटा लिये हैं। दूसरी तरफ शुक्रवार को मृतक संजय दास की पत्नी ने घटना को लेकर मालवाहक मिनी ट्रक के चालक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के लिए लिखित शिकायत की है।

संजय की शादी लगभग चार माह पूर्व ही हुई थी। घटना के समय संजय बाइक से अपने ससुराल पपरवाटांड़ आ रहा था। संजय की पत्नी करमा पर्व को लेकर अपने मायके आयी हुई थी। संजय की पत्नी प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कई परिजनों के साथ बदहवास स्थिति में थाना आयी थी। कई परिजन उसे सहारा दिये हुए थे। बता दें कि घटना के बाद से मुफस्सिल पुलिस धक्का मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाने के लिए माथापच्ची कर रही थी। घटनास्थल से पुलिस को धक्का मारने वाले वाहन का शीशा का टुकड़ा मिला था जिसमें फास्ट टैग का स्टीकर लगा था। इसी के सहारे पुलिस धक्का मारने वाले मालवाहक मिनी ट्रक का पता लगाने में सफल रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


