हाई टेंशन तार की चपेट में आने से दो मवेशियों की मौत
बेंगाबाद के मानजोरी पंचायत के खिजुरडीहा में हाई टेंशन बिजली तार टूटकर गिर गया। इससे एक गाय और जंगली जानवर जिंदा जलकर मर गये। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से जर्जर तारों की जांच और सुधार की मांग की है।

बेंगाबाद, प्रतिनिधि। मानजोरी पंचायत के खिजुरडीहा में मंगलवार सुबह सड़क के किनारे खेत में हाई टेंशन बिजली तार टूटकर गिर गया। बिजली तार की चपेट में आने से खिजुरडीहा के कारू साह की एक गाय और एक जंगली जानवर जिंदा जलकर मर गये। जिससे खिजुरडीहा व उसके आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी मच गई। फिर किसी ने पावर हाउस को इस घटना की सूचना दी। तब जाकर बिजली लाइन को बंद किया गया। बताया जाता है कि बेंगाबाद के छछंदो पावर हाउस से 11 हजार वोल्ट का बिजली तार मंडरडीह दुंदो गांव तक गुजरा हुआ है। सुबह अचानक खिजुरडीहा के पास बिजली तार टूटकर गिर गया।
सड़क के किनारे घास चर रही गाय व जंगली जानवर इसकी चपेट में आ गए और जानवर जिंदा जल कर मर गये। वहीं बिजली तार से मैदान में आग लग गई। धू धू कर सूखे घासों को जलते देख गांव के लोगों ने हल्ला किया। गांव के लोग वहां जमा होने से पहले पावर हाउस को इस घटना की सूचना दी गई। बिजली लाइन कटने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। बताया जाता है कि थोड़ी सी चूक होने पर अनहोनी की संभावना बन सकती है। स्थानीय लोगों ने कहा कि बिजली विभाग द्वारा पेट्रोलिंग कर जर्जर तार को नहीं देखा जा रहा है जिससे यह घटना घटी है। निकट भविष्य में भी इसकी पुनरावृत्ति होने की प्रबल संभावना बनी हुई है। बतला दें कि आए दिनों बिजली तार टूटकर गिरने की क्षेत्र में घटना घट रही है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग इस मामले की जांच कर जर्जर तार की व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


