
उसरी फॉल में मुफस्सिल पुलिस ने किया सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गिरिडीह में नववर्ष 2026 के मौके पर उसरी फॉल में पर्यटकों की भारी संख्या आने की संभावना है। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया है। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और स्थानीय युवकों को तैनात किया गया है। नशा-पान और डीजे बजाना वर्जित है।
गिरिडीह। नववर्ष 2026 के मौके पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के उसरी फॉल में भारी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपी डॉ बिमल कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव के मार्गदर्शन में मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो की अगुवाई में उसरी जल प्रपात में सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गयी है। यहां पर असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों के साथ जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा उसरी फॉल के आस-पास के गांव के स्थानीय युवकों को भी सुरक्षा के लिए पुलिस मित्र के रूप में लगाया गया है।
पुलिस मित्रों को जैकेट, परिचय पत्र, विसिल आदि दिये गये हैं। 25 दिसंबर से ही उसरी जल प्रपात में पर्यटकों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका है। मुफस्सिल थाना प्रभारी प्रतिदिन स्वयं उसरी जल प्रपात पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। रविवार दोपहर को भी थाना प्रभारी उसरी जल प्रपात पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही उसरी जल प्रपात पहुंचे पर्यटकों से भी मिलकर की गयी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूछताछ की। उसरी फॉल में क्यों अलर्ट मोड पर है पुलिस हर साल नववर्ष के जश्न में उसरी फॉल में पिकनिक मनाने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुटती है। गिरिडीह ही नहीं आस-पास के जिले एवं पश्चिम बंगाल के कोलकाता समेत अन्य शहरों से भी यहां पर्यटकों का आगमन होता रहा है। पर्यटकों की भारी भीड़ के बीच में असामाजिक तत्वों द्वारा अश्लील हरकत, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणियों जैसी घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसके अलावा, शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना भी पुलिस के लिए एक चुनौती बन जाती है। मुफस्सिल पुलिस ने इन सभी संभावित समस्याओं को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से सुरक्षात्मक कदम उठाए हैं। बराकर में भी कड़ी निगरानी मुफस्सिल पुलिस उसरी जल प्रपात के अलावा गिरिडीह-डुमरी रोड पर स्थित बराकर नदी के तट पर कड़ी निगरानी कर रही है। बराकर नदी तट पर भी भारी संख्या में लोग पिकनिक मनाने पहुंचने लगे हैं। यहां भी पुलिस बलों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके। नशा-पान करना व डीजे बजाना पूर्णत: वर्जित उसरी फॉल में मुफस्सिल पुलिस द्वारा कई स्थानों पर चेतावनी से संबंधित बैनर भी लगाया है। पुलिस ने उसरी फॉल आने वाले लोगों का स्वागत करते हुए उनसे कई तरह की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यह रमणिक लेकिन जोखिम भरा फॉल है। गहरे पानी में जाना खतरनाक है। सेल्फी सुरक्षित स्थान से लें। नशा-पान करना और डीजे बजाना पूर्णत: वर्जित है। वर्जन उसरी फॉल में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। ताकि यहां आने वाले हर कोई अपने परिवार और दोस्तों के साथ नववर्ष का जश्न सुकून और आनंद के साथ मना सके। नियम तोड़ने वालों पर सख्ती बरती जाएगी। नशा-पान करना व डीजे बजाना पूर्णत: वर्जित है। पुलिस के इस कदम का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को बनाए रखना और नववर्ष उत्सव को यादगार और सुरक्षित बनाना है। --श्याम किशोर महतो, पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मुफस्सिल थाना, गिरिडीह

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




