
सावन पूर्णिमा पर हर-हर महादेव से गूंजे शिवालय
गिरिडीह में सावन की पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ शिवालयों में उमड़ी। दुखिया महादेव मंदिर में 10,000 से अधिक भक्तों ने जलाभिषेक किया। भक्तों ने सुबह से ही मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। पुलिस भी...
गिरिडीह, प्रतिनिधि। सावन की पूर्णिमा पर शनिवार को शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर ओर हर-हर महादेव और भगवान भोलेनाथ का जयकारा लग रहा था। भक्त भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर दिखे। शहर से सटे प्रमुख शिवालय अजीडीह के दुखिया महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना व जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। अल सुबह से श्रद्धालु दुखिया महादेव मंदिर पहुंचने लगे थे। सावन की पूर्णिमा पर 10 हजार से अधिक भक्तों ने दुखिया महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया। बता दें कि दुखिया महादेव मंदिर के समीप ही उत्तरवाहिनी नदी है। श्रद्धालु यहीं से जल भरकर मंदिर पहुंचे और कतार में लग गए।

भक्तों ने घंटों लाइन में रहकर भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना कर जलाभिषेक किया। महिला और पुरुष की अलग-अलग कतार लगी हुई थी। इस दौरान भक्त हाथों में जल लेकर हर हर महादेव का जयघोष कर रहे थे। सावन पूर्णिमा पर होनेवाली भीड़ के मद्देनजर दुखिया महादेव मंदिर में पुलिस के जवान भी तैनात थे। मंदिर परिसर के बाहर छोटा-मोटा मेला भी लगा हुआ था। जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं ने मेले का भी आनंद उठाया। इधर शहर के बरगंडा स्थित विश्वनाथ मंदिर, बाभनटोली के पुरातन शिवालय, राजेंद्र नगर, बरमसिया, अरगाघाट, सिहोडीह, सिरसिया, मोहनपुर, अलकापुरी, पचंबा, कोयलांचल क्षेत्र के बनियाडीह, पपरवाटांड़, सेंट्रलपीट समेत आसपास गांव के सभी शिवालयों में पूजा-अर्चना व जलाभिषेक के लिए भक्तों की भीड़ रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


