भावानंद के उप मुखिया की हत्या में शामिल हार्डकोर नक्सली रवि गिरफ्तार
गिरिडीह, प्रतिनिधि। डुमरी प्रखंड के भावानंद ग्राम पंचायत के उप मुखिया असलम अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की हत्या में शामिल हार्डकोर नक्सली रवि मरांडी...

गिरिडीह, प्रतिनिधि। डुमरी प्रखंड के भावानंद ग्राम पंचायत के उप मुखिया असलम अंसारी उर्फ गुड्डू अंसारी की हत्या में शामिल हार्डकोर नक्सली रवि मरांडी उर्फ रवि मुर्मू उर्फ शिबू मांझी को गिरफ्तार कर लिया गया है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी नक्सली रवि मरांडी को गिरिडीह पुलिस एवं सीआरपीएफ ने नक्सलियों के विरूद्ध चलाये गये विशेष अभियान में डुमरी थाना क्षेत्र के मंझलाडीह बाजारटांड़ से दबोचा है। रवि की गिरफ्तारी गुरूवार देर रात की गयी है। नक्सली रवि डुमरी थाना क्षेत्र के कर्माबहियार गांव का निवासी है। डीएसपी मुख्यालय वन संजय कुमार राणा ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में रवि ने उप मुखिया असलम अंसारी की हत्या समेत कई कांडों में अपनी संलप्तिता स्वीकार की है।
कई कांडों में रहा है शामिल
डीएसपी राणा ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली रवि मरांडी हार्डकोर नक्सली है। उप मुखिया असलम अंसारी की हत्याकांड का उसने पीरटांड़ के कृष्णा दस्ते के साथ मिलकर अंजाम दिया था। इसके अलावा साल 2010 में पीरटांड़ के जिलेबिया मोड़ के पास एक पुलिया को उड़ाने की घटना में भी वह शामिल रहा है। रवि के विरूद्ध डुमरी, तिसरी एवं पीरटांड़ थाना में कई नक्सली कांड दर्ज है। रवि से पूछताछ की जा रही है।
