टेक्निकल सेल की मदद से जल्द गिरफ्तार होगा गोली चलानेवाला अपराधी
बिरनी में एक युवक को करमाटांड़ जंगल के पास गोली मारी गई। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। घायल युवक नंदकिशोर माली का इलाज धनबाद में चल रहा है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी सहायता ले रही है।

बिरनी, प्रतिनिधि। सरिया-धनवार मुख्य मार्ग स्थित परसन ओपी क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ जंगल के पास बुधवार की रात अज्ञात व्यक्ति द्वारा युवक को गोली मार कर फरार होने वाले की पहचान करने में परसन ओपी पुलिस एवं बिरनी पुलिस जुटी हुई है। गुरुवार को पुलिस ने घटनास्थल से एक गोली का खोखा बरामद किया था। परसन ओपी के एएसआई भरत सिंह सिक्रीवाल, एएसआई अरविंद कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना से संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस की टीम अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
वहीं दूसरी ओर गोलीबारी में जख्मी पूरनानगर निवासी नंदकिशोर माली का इलाज धनबाद में चल रहा है। जहां उसकी हालत पहले से ठीक बताई जा रही है। घायल ने पुलिस को बताया है कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। ज्ञात हो कि नंदकिशोर माली धनवार के कोड़ाडीह में एक सीमेंट दुकान में मजदूरी करता है। वह बुधवार शाम सीमेंट दुकान में काम खत्म करने के बाद बिरनी के पुरनानगर स्थित अपने घर आ रहा था। इसी बीच करमाटांड़ के पास अपराधियों ने उस पर गोली चला दी। इस संबंध में परसन ओपी प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि टेक्निकल सेल की मदद से पुलिस अपराधियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। घटनास्थल पर कॉल ड्रॉप कराने की तैयारी कर रही ताकि पुलिस अपराधियों तक पहुंच सके। आस-पास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाल रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



