रंगामाटी में कलश यात्रा के साथ यज्ञ शुरू
झारखंड के जमुआ प्रखंड के रंगामाटी गांव में शनिवार को कलश यात्रा का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भक्ति भाव से यात्रा में शामिल हुईं। यह यात्रा श्रीमद्भागवत ज्ञान महायज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर निकाली गई और अगले नौ दिनों तक चलेगी।

झारखंडधाम, प्रतिनिधि। जमुआ प्रखंड के रंगामाटी गांव में शनिवार को धार्मिक आस्था का भव्य नजारा देखने को मिला, जब आयोजित कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सिर पर कलश धारण किए महिलाएं भक्ति भाव से शोभायात्रा में शामिल हुईं। पूरे मार्ग में “जय श्रीराम” और “राधे-राधे” के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। यह कलश यात्रा श्री श्री 108 श्री राधाकृष्ण एवं राम दरबार प्राण प्रतिष्ठा सह श्रीमद्भागवत ज्ञान महायज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर निकाली गई। यज्ञ नौ दिनों तक चलेगा। भंडारे के साथ यज्ञ का समापन होगा। कलश यात्रा में पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाएं कतारबद्ध होकर चल रही थीं, जिससे पूरा गांव आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए यज्ञ स्थल पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। आयोजन समिति ने बताया कि आगामी दिनों में भागवत कथा, पूजा-अर्चना एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे आयोजन से समाज में एकता, भाईचारा और धार्मिक चेतना का प्रसार होता है। आयोजन को सफल बनाने में गांव के सभी लोगों का सराहनीय योगदान रहा। कलश यात्रा में जिप सदस्य प्रभा वर्मा, जिप प्रतिनिधि दिगम्बर दिवाकर, विजय वर्मा, भाजपा झारखंडधाम मंडल अध्यक्ष विकास मंडल, मुखिया आशा देवी, पंसस टुपलाल वर्मा, इतवारी महतो, राजू महतो, बालेश्वर वर्मा, लक्ष्मण किशोर, गुलशन कुमार, राजेंद्र पंडित, राकेश कुमार, नंदकिशोर वर्मा, मोहन प्रसाद वर्मा, श्यामसुंदर, नितेश, बालगोविंद वर्मा, राजेश्वर राम सहित कई लोग यज्ञ कमेटी का संचालन कर रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


