Gridih News: मटका फोड़, नगर भ्रमण व भंडारे के साथ जन्माष्टमी महोत्सव का समापन
Gridih News: चितरडीह में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव भव्य नगर भ्रमण, मटका फोड़ और भंडारे के साथ संपन्न हुआ। हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और जयकारों के साथ क्षेत्र गूंजता रहा। कार्यक्रम में जिला परिषद प्रतिनिधि और थाना प्रभारी समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की। श्रीकृष्ण मंदिर का निर्माण भी इस वर्ष शुरू होने की योजना है।
Gridih News: खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र के चितरडीह ग्राम में तीन दिवसीय श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव शनिवार को भव्य नगर भ्रमण, मटका फोड़ और भंडारे के साथ संपन्न हुआ। देर रात तक पूरा क्षेत्र भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंजता रहा। मटका फोड़ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिषद प्रतिनिधि सुबोध कुमार राय और धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार शामिल हुए। सुबोध कुमार राय ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण प्रेम, धर्म और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। उनके आदर्शों को अपनाकर ही समाज का कल्याण संभव है। पूजा समिति के अध्यक्ष लवकुश कुमार साव ने बताया कि चितरडीह में पिछले नौ वर्षों से जन्माष्टमी का आयोजन धूमधाम से किया जा रहा है।
मटका फोड़ प्रतियोगिता देखने के लिए दर्जनों गांवों से हजारों लोग पहुंचे। महोत्सव के अंतिम दिन चितरडीह से निकाली गई भव्य नगर भ्रमण यात्रा खोरीमहुआ, चादगर, झलकडीह और गरजासारण होते हुए पुन: चितरडीह पहुंचकर समाप्त हुई। इसमें सैकड़ों श्रद्धालु डीजे की धुन पर झूमते नजर आए। अध्यक्ष ने बताया कि वर्ष 2018 में गांव में श्रीकृष्ण मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी गई थी, जिसका निर्माण कार्य इसी वर्ष शुरू करने की तैयारी है। कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के सचिव मुकेश साहू, नीरज कुमार, कौलेश्वर कुमार, अरविंद कुमार, मिथिलेश कुमार, नरेश यादव, प्रकाश साव, चंदन कुमार, पुजारी राम कुमार, पप्पू राय, प्रकाश यादव, संदीप कुमार, किशोरी साव, नन्दलाल साव, मोहन साव समेत ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा।


