सेमी गवर्नमेंट जॉब दिलाने के नाम पर लड़कियों से ठगी
गिरिडीह, प्रतिनिध। सेमी गवर्नमेंट जॉब दिलाने के नाम पर लड़कियों से ठगी किये जाने का एक मामला प्रकाश में आया है। रांची एवं रामगढ़ की आठ लड़कियों...

गिरिडीह, प्रतिनिध। सेमी गवर्नमेंट जॉब दिलाने के नाम पर लड़कियों से ठगी किये जाने का एक मामला प्रकाश में आया है। रांची एवं रामगढ़ की आठ लड़कियों द्वारा इस संबंध में मुफस्सिल थाना में शनिवार को शिकायत की गई है। शिकायत में ग्लेज ट्रेडिंग इंडिया कंपनी के त्रिलोक एसोसिएट के निदेशक समेत अन्य पर टॉर्चर व मारपीट करने समेत कई गंभीर आरोप लगाया गया है। मुफस्सिल पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। हालांकि अब तक जो पता चला है उससे यह मामला नेटवर्किंग से जुड़ा लग रहा है। पुलिस से की गई शिकायत में प्रिया कुमारी, अंजली कुमारी, पार्वती कुमारी, स्नेहा कुमारी, सानू कुमारी, संगीता कुमारी, पूजा कुमारी, अंजला कुमारी ने कहा है कि उन्हें सेमी गवर्नमेंट जॉब के नाम पर दोस्त एवं रिश्तेदार के माध्यम से बुलाया गया था। उन लोगों से रजिस्ट्रेशन के नाम पर प्रत्येक लड़की से 22 हजार 700 रूपये वसूला गया। इसके अलावा घर के किसी सदस्य का नाम नोमिनी के रूप में डालने के लिए दबाव बनाया जाता था और इसके लिए 12 हजार 700 रुपए लिया जाता था। कई महिनों से काम करने के बावजूद उन्हें एक पैसा नहीं मिला। हम सभी पर दोस्त तथा रिश्तेदार को फोन करवाकर जबर्दस्ती बुलवाने का दबाव दिलवाया जाता था। निकलने के समय उनसे जबर्दस्ती फॉर्म भरवाया जाता था और वीडियो बनवाया जाता था। उन सभी लड़कियों पर इतना दबाव होता है कि वे ना नहीं कर सकते थे। उनसे दूसरों को जबरन यह बुलवाया जाता था कि उन्हें जो पैसा मिलना है वह मिल रहा है। लड़कियों ने ग्लेज ट्रेडिंग इंडिया कंपनी के त्रिलोक एसोसिएट के निदेशक उदय कुमार यादव, नेहा कुमारी, फरजाना खातुन, नगमा खातुन, प्रियंका कुमारी, सानु कुमारी सभी लड़की को टॉर्चर करते हैं और अकेले बुलाकर मारपीट करते थे तथा खाना-पीना तीन समय बोलकर दो समय ही देते थे। इधर, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि यह मामला नेटवर्किंग से जुड़ा हुआ है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है।


