Gridih News: एसडीएम ने किया कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण
Gridih News: गिरिडीह के एसडीएम धीरेंद्र कुमार ने सोमवार को शहर के कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। उनका उद्देश्य नियमों का पालन और विद्यार्थियों के लिए सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेना था। उन्होंने कई संस्थानों में आवश्यक दस्तावेज और सुविधाओं की जांच की। संचालकों को निर्देश दिया गया कि वे सुरक्षा और गुणवत्ता का ध्यान रखें।

Gridih News: गिरिडीह, प्रतिनिधि। गिरिडीह एसडीएम धीरेंद्र कुमार ने सोमवार को शहर में संचालित कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। इसका उद्देश्य कोचिंग संस्थानों के संचालन में निर्धारित नियमों एवं मानकों के अनुपालन के साथ विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक एवं मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेना। उन्होंने आकाश इंस्टीच्यूट, फिजिक्स वाला, सद्दाम फिजिक्स क्लासेस, नागेन्द्र फिजिक्स क्लासेस सहित कई कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कोचिंग संस्थानों के पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से संबंधित अभिलेख, कक्षाओं की व्यवस्था, अध्ययन-अध्यापन की स्थिति, मूलभूत सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक मानकों की जांच की गई। संबंधित संस्थान संचालकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया गया।एसडीएम
ने कोचिंग संस्थान संचालकों को निर्देशित किया कि संस्थानों का संचालन झारखंड कोचिंग सेंटर (नियंत्रण एवं विनियमन) अधिनियम, 2025 एवं इसके तहत जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखें तथा सभी जरूरी अभिलेख अद्यतन रखने का निर्देश दिया। कहा कि कोचिंग संस्थानों में अनुशासित, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। विद्यार्थियों के हित से जुड़े मानकों की अनदेखी अथवा निर्धारित नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


