आपसी भाईचारे के साथ होली मनाने का संकल्प

Mar 02, 2026 01:14 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share Share
Follow Us on

गिरिडीह में होली के अवसर पर भाईचारे और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई। पुलिस ने हुड़दंगियों और तेज डीजे पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। सभी समुदायों से सौहार्दपूर्ण माहौल में त्योहार मनाने की अपील की गई है।

आपसी भाईचारे के साथ होली मनाने का संकल्प

गिरिडीह, प्रतिनिधि। होली के पावन अवसर पर भाईचारे और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रविवार को जिला मुख्यालय के तीनों थाना नगर, मुफस्सिल एवं पचंबा में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गई। बैठकों में पुलिस-प्रशासन की ओर से हुड़दंगियों, तेज डीजे, अश्लील गीतों और जबरन रंग लगानेवालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गयी है। कहा गया है कि पुलिस-प्रशासन गड़बड़ी करनेवालों पर पैनी नजर रहेगी। पुलिस-प्रशासन ने बैठक के दौरान सभी समुदाय से सौहार्दपूर्ण माहौल में पर्व मनाने की अपील की। कहा गया कि शांति और सुरक्षा के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस द्वारा विशेष गश्त की जायेगी और फोर्स की तैनाती की जाएगी।

हुड़दंग पर रोक के लिए शराब पीकर हंगामा करने, जबरन रंग या कीचड़ डालने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। तेज आवाज में डीजे और अश्लील गीतों के साथ-साथ देर रात तक शोर करने पर पूरी तरह से पाबंदी है। अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट या भ्रामक जानकारी साझा करनेवालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किये जाने की बात कही गयी है। बैठकों में आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया गया। नगर थाना में आयोजित शांति समिति की बैठक में सीओ जितेंद्र प्रसाद, डीएसपी मुख्यालय वन नीरज कुमार सिंह तथा नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह, मुफस्सिल थाना में बीडीओ गणेश रजक, मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो एवं पचंबा थाना में नव प्रोन्नत डीएसपी मंटु कुमार एवं पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार की अगुवाई में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, विभिन्न राजनीतिक दल के नेता एवं दोनों समुदाय के गणमान्य लोग शामिल हुए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।