Gridih News: पंचायत सहायकों का 6 माह से मानदेय बकाया
Gridih News: गिरिडीह प्रखंड के पंचायत सहायकों का छह महीने से मानदेय बकाया है, जबकि कुछ सहायकों को डेढ़ साल से भुगतान नहीं मिला। ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के नेता राजेश यादव ने इसे अन्याय बताते हुए तत्काल भुगतान और मानदेय बढ़ाने की मांग की। सहायकों ने उपायुक्त से मुलाकात की और यादव ने बीडीओ से जल्द राशि जारी करने का आग्रह किया। दुर्गा पूजा से पहले सहायकों का आर्थिक संकट गहरा गया है।
Gridih News: गिरिडीह। गिरिडीह प्रखंड के पंचायत सहायकों का पिछले 6 माह से मानदेय बकाया रहने पर ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के नेता एवं पूर्व जिप सदस्य राजेश यादव ने गहरा आक्रोश जताया है। समाहरणालय पहुंचे पीड़ित पंचायत सहायकों की समस्याएं सुनने के बाद उन्होंने इस स्थिति को सरासर अन्याय बताते हुए बकाया राशि के तत्काल भुगतान की मांग की। राजेश यादव ने कहा कि मात्र 2,500 रुपये के मासिक मानदेय पर परिवार का भरण-पोषण करना पहले से ही असंभव है। ऊपर से सरकार उनसे असीमित काम लेती है, जिससे वे आजीविका के लिए कोई अन्य कार्य भी नहीं कर पाते। इसके बावजूद अधिकांश सहायकों को 6 महीने और कुछ को डेढ़ साल से मानदेय नहीं मिला है।
आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए उनके सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। पंचायत सहायकों ने भुगतान के लिए उपायुक्त से मुलाकात की, वहीं राजेश यादव ने गिरिडीह बीडीओ से फोन पर बात कर जल्द मानदेय जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने सरकार से मांग की कि मानदेय बढ़ाकर इतना तय किया जाए जिससे परिवार का भरण-पोषण हो सके। मौके पर पार्टी नेता मनोज कुमार यादव, पंचायत सहायक प्रदीप पासवान, जितेंद्र वर्मा, मनोज तुरी, संतोष पांडेय, पंकज वर्मा, शिवकुमार वर्मा, राम प्रसाद शर्मा, अवध किशोर यादव, सोनू और अरुण उपस्थित थे।


