Gridih News: अहमद परिवार ने कराई गरीब लड़की की दहेज मुक्त शादी
Gridih News: गिरिडीह के बिशनपुर में अहमद परिवार ने धनबाद की रिफत प्रवीन और स्थानीय युवक मोहम्मद जोहेब का सादगीपूर्ण, दहेज-मुक्त निकाह कराया। रिफत के माता-पिता नहीं हैं और जोहेब का परिवार भी गरीब है। इस्लाह मुआसरा कमेटी की दहेज-मुक्त विवाह मुहिम से प्रेरित होकर दूल्हे के परिवार ने बिना दहेज शादी के लिए सहमति दी।

Gridih News: पचम्बा। इस्लाह मुआसरा कमेटी गिरिडीह पिछले तीन वर्ष से दहेज मुक्त सादगी से शादी करने की मुहिम चला रही है, वहीं गिरिडीह के अहमद परिवार हर वर्ष कई गरीब लड़कियो की शादी करवाता है। इन दोनों का संगम गुरुवार को गिरिडीह के बिशनपुर में देखने को मिला ज़ब एक गरीब लड़की की शादी बिलकुल सादगी के साथ दहेज मुक्त शादी अहमद परिवार ने कराई। ज्ञात हो कि आईएमए अध्यक्ष डॉ रेयाज अहमद और उनकी पत्नी आयशा अहमद हर वर्ष कुछ गरीब लड़कियों की शादी करवाते हैं। इसी कड़ी में धनबाद की युवती रिफत प्रवीन की शादी गिरिडीह के बिशनपुर के मो जोहेब के साथ बिल्कुल सादगी से दहेज मुक्त कराया।
इस संबंध में आयशा अहमद ने बताया कि हमलोग हर वर्ष कुछ लड़कियों की शादी करवाते हैं लेकिन इस शादी मे खास यह है कि लड़की के मां बाप नहीं हैं और लड़का भी गरीब है लेकिन लड़के वालों से बात करने पर वे लोग बिना किसी दहेज के शादी को तैयार हो गये। फिर एक सादे समारोह में दोनों का निकाह करवा दिया गया। मौके पर पूर्व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मो सिराज अंसारी ने कहा कि अहमद परिवार हर वर्ष इस तरह गरीब लड़कियों की शादी करवाते हैं। कमेटी इस्लाह मुआसरा कमेटी के अभियान का असर था कि लड़के वाले ने दहेज से साफ इंकार कर दिया। मौके पर कमेटी के मो अनवर हारून रशीद, मो नसीम चांद, रशीद अंसारी समेत कई लोग मौजूद थे।

