Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsGangster Chhotu Rai Arrested in Murder Case and Arms Act Violations
राजद नेता हत्याकांड में फरार छोटू राय को महुदा मोड़ से दबोचा

राजद नेता हत्याकांड में फरार छोटू राय को महुदा मोड़ से दबोचा

संक्षेप:

राजद नेता कैलाश यादव हत्याकांड में फरार अभियुक्त छोटू राय को बेंगाबाद पुलिस ने धनबाद के महुदा मोड़ से गिरफ्तार किया है। वह अपना नाम बदलकर महुदा में रह रहा था। पुलिस ने उसे गिरिडीह न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं, जिसमें आर्म्स एक्ट भी शामिल है।

Jan 08, 2026 01:21 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share Share
Follow Us on

बेंगाबाद, प्रतिनिधि। राजद नेता कैलाश यादव हत्याकांड और आर्म्स एक्ट सहित पांच कांडों में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त छोटू राय उर्फ घनश्याम राय को बेंगाबाद पुलिस ने धनबाद के महुदा मोड़ से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। छोटू राय मोतीलेदा गांव का रहनेवाला है। राजद नेता कैलाश यादव की हत्या के बाद वह अपना ठिकाना और नाम बदलकर महुदा में रह रहा था। गिरिडीह एसपी डॉ बिमल कुमार को इस बात की गुप्त सूचना मिली थी। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ जीतबाहन उरांव के नेतृत्व में बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह और एसआई विजय मंडल की एक विशेष टीम गठित की गई और महुदा थाना पुलिस के सहयोग से मंगलवार की रात में छापामारी कर एक किराए के मकान से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

पुलिस ने उसे बुधवार को गिरिडीह न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया जाता है कि छोटू राय बेंगाबाद और मुफ्फसिल थाना के वांछित अभियुक्त हैं। आर्म्स एक्ट के मामले में बेंगाबाद थाना कांड संख्या 459/19 एवं राजद नेता कैलाश यादव हत्याकांड 187/20 के तहत छोटू राय के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है जबकि गिरिडीह मुफ्फसिल थाना में उनके विरुद्ध अन्य तीन मामले दर्ज हैं। जानकारी मिली है कि छोटू राय धनबाद स्थित महुदा मोड़ के पास एक किराए के मकान में अपना नाम बदलकर लंबे समय से रह रहा था। इधर, पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए खाक छान रही थी। संदिग्ध ठिकानों पर छापामारी के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। फरार चल रहे अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं होने और न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं किए जाने की स्थिति में अदालत के निर्देश पर 18 जनवरी वर्ष 2021 को उनके घर की कुर्की की कार्रवाई भी की जा चुकी है। बतला दें कि छोटू राय मोतीलेदा के फागू शर्मा के शौचालय पर पिस्टल रख पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की थी लेकिन मामले के अनुसंधान में जुटी पुलिस ने शौचालय के ऊपर से आर्म्स बरामद कर लिया था। जांचोपरांत इस मामले में भी छोटू राय की संलिप्तता पाई गई थी।