90 दिवसीय जागरुकता व आउटरीच अभियान कार्यक्रम
रविवार को जमुआ प्रखंड के पंचायत पोबी के ग्राम शानडीह में 90 दिवसीय जागरूकता व आउटरीच अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नालसा के 15100 टोल-फ्री नंबर के बारे में जानकारी दी गई, जो नागरिकों को मुफ्त कानूनी सलाह और सहायता प्रदान करता है। कार्यक्रम में कई ग्रामीणों ने भाग लिया।
जमुआ, प्रतिनिधि। रविवार को जमुआ प्रखंड के पंचायत पोबी के ग्राम शानडीह में नालसा नई दिल्ली और झालसा रांची और डालसा गिरिडीह के अनुसार 90 दिवसीय जागरूकता व आउटरीच अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बजरंगबली समिति शानडीह के अध्यक्ष बासुदेव साव ने की और मंच संचालन समाजसेवी बासुदेव यादव ने किया। विधिक सहायता केंद्र प्रखंड कार्यलय जमुआ के पीएलवी सुबोध कुमार साव ने उपस्थित ग्रामीणों को 15100 निःशुल्क टोल फ्री नम्बर के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि 15100 राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) का राष्ट्रीय टोल-फ्री कानूनी सहायता हेल्पलाइन नंबर है। इस नंबर पर कोई भी नागरिक मुफ्त कानूनी सलाह पाने, अपने अधिकारों की जानकारी लेने या कानूनी कार्यवाही में सहायता के लिए संपर्क कर सकता है।
यह सुविधा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए बहुत उपयोगी है, जिन्हें मुफ्त वकील और न्याय पाने में सहायता की आवश्यकता होती है। साथ ही 1098 टोल फ्री नम्बर के बारे मे भी जानकारी दी गई। उक्त अवसर पर राजदेव मलाकर, सुखदेव सिंह, महावीर रजक, अतिश कुमार गुप्ता, रामजी साव, मोहन तुरी, भोला सिंह, सुरेश यादव, धर्मेंद्र तुरी, बिजेंद्र यादव, मनोज साव, जीतेन्द्र रजक अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।


