फर्जी हस्ताक्षर कर अवैध निकासी का आरोप

Newswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share

खोरीमहुआ क्षेत्र में एक सरकारी स्कूल के खाते से फर्जी हस्ताक्षर कर धन निकासी का मामला सामने आया है। अध्यक्ष भावना सिंह और संयोजिका गुड़िया देवी ने बैंक में शिकायत दर्ज कराई है। सचिव अजय रजक पर आरोप है कि उन्होंने बिना अनुमति के राशि निकाली। मामले की जांच की जा रही है।

फर्जी हस्ताक्षर कर अवैध निकासी का आरोप

खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत चुंगलखार पंचायत के एक उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के सरकारी खाते से फर्जी हस्ताक्षर कर अवैध राशि निकासी का गंभीर मामला सामने आया है। विद्यालय की प्रबंध समिति अध्यक्ष भावना सिंह व संजोजिका गुड़िया देवी ने बैंक ऑफ इंडिया हीरोडीह शाखा के शाखा प्रबंधक को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच और दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, विद्यालय के सचिव अजय रजक द्वारा अध्यक्ष भावना सिंह, संयोजिका गुड़िया देवी के फर्जी हस्ताक्षर कर विद्यालय के संयुक्त खाते से अवैध रूप से राशि की निकासी की गई है। संबंधित खाता संख्या 488810100007216 से लगभग 12 हजार रुपये एवं 20 हजार रुपये की संदिग्ध निकासी किए जाने का आरोप लगाया गया है।

अध्यक्ष भावना सिंह व गुड़िया देवी ने आरोप लगाया कि उन्हें बिना किसी सूचना और स्वीकृति के चेक के माध्यम से राशि की निकासी की गई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उन्होंने किसी प्रकार के भुगतान की अनुमति नहीं दी थी। उन्होंने इस मामले को सरकारी धन की धोखाधड़ी बताते हुए दोषी सचिव के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले का खुलासा उस समय हुआ जब सचिव अजय रजक ने मध्याह्न भोजन मद से 19 हजार रुपए की निकासी के लिए अध्यक्ष और संयोजिका के फर्जी हस्ताक्षर कर चेक बैंक में जमा किया। बैंक कैशियर ने हस्ताक्षर में असमानता पाते हुए अध्यक्ष और संयोजिका को बुलाने को कहा। इसके बाद सचिव द्वारा 19 हजार रुपये के स्थान पर 16 हजार रुपए का चेक जमा किया गया, जिस पर बैंक कर्मियों ने पुनः सवाल उठाया। जब अध्यक्ष और संयोजिका से चेक पर हस्ताक्षर के संबंध में पूछताछ की गई, तो उन्होंने किसी भी चेक पर हस्ताक्षर करने से इनकार कर दिया। जांच में यह भी सामने आया कि पूर्व में 20 हजार और 12 हजार रुपये की निकासी के लिए भी उन्होंने कोई हस्ताक्षर नहीं किए थे और उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद अध्यक्ष भावना सिंह संजोजिका गुड़िया देवी ने शाखा प्रबंधक को लिखित आवेदन देकर संबंधित चेक की प्रतिलिपि उपलब्ध कराने, हस्ताक्षर सत्यापन कराने और दोषी सचिव के खिलाफ जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।