बगोदर की बेटियां करेंगी देश की सेवा
बगोदर की चार बेटियों का सेना में चयन हुआ है। टीना कुमारी का चयन सीआरपीएफ, चिंता कुमारी का बीएसएफ, सविता कुमारी और ममता कुमारी का सीआईएसएफ में हुआ है। इन बेटियों ने संघर्ष के बाद सफलता प्राप्त की है और युवाओं को प्रेरित किया है कि मेहनत और संघर्ष से सफलता मिलती है।

बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर की बेटियां करेंगी देश की सेवा। इसके लिए चार बेटियों का चयन सेना में हुआ है। जिन बेटियों का चयन सेना में हुआ है उसमें पोखरिया की टीना कुमारी का चयन सीआरपीएफ में, खेतको की चिंता कुमारी का बीएसएफ में, घाघरा की सविता कुमारी का सीआईएसएफ एवं तारानारी की ममता कुमारी का सीआईएसएफ में चयन हुआ है। सेना के लिए चयनित होने के लिए बेटियों को काफी संघर्ष करना पड़ा है। इसके बाद यह सफलता मिली है। सेना के लिए चयनित बेटियों ने हिन्दुस्तान से बातचीत में अपनी सफलता की कहानी को साझा किया है। बेटियों ने कहा है कि कड़ी मेहनत करने के बाद हर काम आसान हो सकता है।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे क्षेत्र के युवक - युवतियों से बेटियों ने अपील की है कि सफलता के लिए उन्हें काफी संघर्ष करना होगा। इससे घबराना नहीं है। साथ ही समाज के कुछ लोगों का ताना भी सहना होगा। मगर उससे हताश होने की जरूरत नहीं है। सफलता मिलने पर ताना मारने वाले भी आपको शुभकामनाएं देने आपके दरवाजे आएंगे। सीआईएसएफ के लिए चयनित घाघरा की सविता कुमारी मजदूर की बेटी है। मां गृहिणी हैं। उन्होंने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति वैसी नहीं है कि मैं बाहर जाकर तैयारी करती, ऐसे में सोशल मीडिया यू-ट्यूब, गुगल आदि के सहारे घर में रहकर तैयारी की और सफल रही। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। सीआईएसएफ में चयनित तारानारी की ममता कुमारी ने कहा कि संघर्ष की बदौलत उन्हें यह सफलता मिली है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर युवक - युवतियों से कहा है कि जब आप कुछ करने के लिए आगे बढ़ेंगे तब आपकी आलोचना करने वाले भी आगे आएंगे और जब सफलता मिल जाएगी तब आलोचना करने वाले आपको बधाई देंगे। इसलिए विकट परिस्थितियों में भी घबराने की जरूरत नहीं है। बीएसएफ के लिए चयनित खेतको की चिंता कुमारी ने भी अपनी सफलता का श्रेय खुद की मेहनत और अभिभावकों-शिक्षकों को दिया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


