सरिया: पुरनीडीह में तीन अवैध आरा मिलों पर वन विभाग का छापा
गिरफ्तारी नहीं सरिया, प्रतिनिधि। सरिया थाना क्षेत्र के पुरनीडीह गांव में गुरुवार सुबह वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध आरा मिलों पर

सरिया, प्रतिनिधि। सरिया थाना क्षेत्र के पुरनीडीह गांव में गुरुवार सुबह वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध आरा मिलों पर औचक छापेमारी की। यह छापेमारी सुबह करीब साढ़े सात बजे से लेकर 10 बजे तक चली। अभियान का नेतृत्व प्रशिक्षु डीएफओ राजेश कुमार ने किया। जानकारी के अनुसार, पुरनीडीह गांव में अशोक शर्मा, मनोज यादव एवं चिड़ा सोरेन द्वारा कई वर्षों से अवैध रूप से आरा मिल संचालित किए जाने की सूचना वन विभाग को मिल रही थी। इसी आधार पर सुनियोजित तरीके से छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी, सरिया पुलिस तथा आरआईबी के जवानों की मौजूदगी में तीनों अवैध आरा मिलों को ध्वस्त कर दिया गया।
मौके से आरा मशीनों को उखाड़कर जब्त कर लिया गया। इसके साथ ही भारी मात्रा में अवैध लकड़ी भी बरामद की गई, जिसमें शीशम, आम, नीम, कटहल, महुआ एवं लिपटश जैसी कीमती लकड़ियां शामिल हैं। जब्त लकड़ियों की मात्रा करीब 20 ट्रैक्टर है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग छह लाख रुपये आंकी गई है।हालांकि इस कार्रवाई के दौरान किसी भी संचालक की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, छापेमारी की भनक मिलते ही सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। प्रशिक्षु डीएफओ राजेश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अवैध आरा मिलों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब्त किए गए सभी सामान को सरिया वन विभाग कार्यालय परिसर में सुरक्षित रखा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। वहीं स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए ऐसे अवैध धंधों पर लगातार सख्ती की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


