वन विभाग ने पांच टन अवैध माइका और औजार जब्त किया
तिसरी वन विभाग ने दानीखूंट्टा सुरक्षित वन में अवैध माइका खदानों के खिलाफ छापेमारी की। रेंजर अनिल कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई में 5 टन अवैध माइका और उत्खनन के औजार जब्त किए गए। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई थी, जिससे माफियाओं में हड़कंप मच गया।

तिसरी, प्रतिनिधि। तिसरी वन विभाग की टीम ने शनिवार को लोकाय पंचायत के दानीखूंट्टा सुरक्षित वन में छापेमारी कर माइका के अवैध खदान के विरुद्ध कार्रवाई की है। यह कार्रवाई रेंजर अनिल कुमार के आदेश पर प्रभारी वनपाल अभिमित राज के नेतृत्व में वन कर्मियों द्वारा की गई है। वन कर्मियों द्वारा छापेमारी करने के दौरान दानोखूंट्टा जंगल में संचालित माइका के अवैध खदान से हजारों रुपए की लागत के लगभग पांच टन अवैध माइका और माइका उत्खनन के लिए प्रयुक्त औजार भी जब्त किया गया है। वन कर्मियों द्वारा जब्त माइका और उत्खनन में प्रयुक्त औजार को जब्त कर तिसरी बिट ऑफिस ले आया गया है।
सूत्रों के अनुसार, लोकाय पंचायत के दानोखूंट्टा सहित मानपुर, दमेलवा सहित कई गांवों के बड़े वन भूखंड पर माफियाओं द्वारा दिन दहाड़े अवैध रूप से खदान संचालित कर माइका का उत्खनन करवाया जाता था। हालांकि खोरीमहुआ एसडीएम के नेतृत्व में पिछले दिनों प्रशासन, पुलिस और वन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से माइका के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई किए जाने से क्षेत्रों में माइका का उत्खनन और इसकी तस्करी पर मानो नकेल कस गया है। किंतु फिर भी सुदूरवर्ती इलाका दानोखूंट्टा में चोरी छिपे माइका का अवैध उत्खनन करने की वन विभाग को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर ही यह कार्रवाई की गई है। इधर वन विभाग द्वारा माइका के अवैध उत्खनन के खिलाफ लगातार कार्रवाई किए जाने से इसके कारोबारियों में भारी हड़कंप है। रेंजर अनिल कुमार ने कहा कि कीमत पर तिसरी और गावां में किसी भी तरह का अवैध उत्खनन नहीं करने दिया जाएगा। गौतम कुमार दास, रंजीत प्रभाकर, रबीश कुमार व शशि कुमार आदि वन कर्मी छापेमारी टीम में शामिल थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


