बुधुडीह पैक्स में पोर्टल बंद होने से धान का नहीं हुआ भुगतान

Apr 06, 2026 05:46 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share

किसानों की बढ़ गई है चिंता लगभग तीन महीने बीत जाने के बाद भी किसानों को धान का भुगतान नहीं हो सका है। इससे क्षेत्र के किसानों चिंता जताई है। सोमवार

बुधुडीह पैक्स में पोर्टल बंद होने से धान का नहीं हुआ भुगतान

गांडेय, प्रतिनिधि। गांडेय प्रखंड के बुधुडीह गांव स्थित धान अधिप्राप्ति केन्द्र बुधुडीह में पोर्टल नहीं खुलने के कारण किसानों की समस्या बढ़ गई है। लगभग तीन महीने बीत जाने के बाद भी किसानों को धान का भुगतान नहीं हो सका है। इससे क्षेत्र के किसानों चिंता जताई है। सोमवार को क्षेत्र के कई किसान बुधुडीह पैक्स पहुंचे और अपनी समस्या पैक्स प्रबंधक के पास रखा और जल्द से जल्द राशि भुगतान करने की मांग की। पैक्स पहुंचे किसानों में दुलारचंद मंडल, रविंद्र वर्मा, नवीन कुमार सावंत, दिलीप कुमार वर्मा, मो. रुस्तम शेख, मुकेश मंडल, उमेश पंडित, संतोष मंडल और कुट्टु पंडित समेत अन्य किसानों ने संयुक्त रुप से कहा कि हम लोगों ने दिसंबर में ही पैक्स में धान दे दिया था।

डेढ़ से दो महीने के बाद हमलोगों को नई खेती कार्य में जुटना है, लेकिन पुराने धान का ही पैसा अब तक अटका हुआ है। अगर पैसा नहीं मिलेगा तो हम नई खेती के लिए बीज और खाद कहां से ला सकेंगे। खेती के लिए हमलोगों को आर्थिक समस्या का सामना करना पड़ेगा। किसानों ने कहा कि अगर हमलोगों की समस्या का समाधान सही समय पर नहीं हुआ तो हम सभी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।बता दें कि दिसंबर माह में क्षेत्र में पैक्स का शुभारंभ विधिवत तरीके से किया गया था। धान अधिप्राप्ति केन्द्र का शुभारंभ होने के बाद किसान अपना धान केन्द्र में जमा करने लगे। धान अधिप्राप्ति केन्द्र का पोर्टल बंद होने के कारण किसानों का धान आनलाइन नहीं हो पाया जिसके कारण किसानों को भुगतान नहीं मिल पा रहा है। इस विषय में पैक्स प्रबंधक राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि बीते वर्ष बुधुडीह पैक्स में 14 हजार 830 क्विंटल धान की अधिप्राप्ति हुई थी, जबकि इस वर्ष 2025-26 में मात्र 4625.14 क्विंटल धान ही लिया जा सका है। इसमें से 90 किसानों का धान ऑनलाइन कर भुगतान भी कर दिया गया है। गोदाम में अभी भी लगभग 6000 क्विंटल धान पड़ा हुआ है, जो विभाग द्वारा पोर्टल नहीं खोले जाने के कारण ऑनलाइन नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पोर्टल खुलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया संभव हो सकेगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।