जमुआ अंचल में राजस्व कर्मचारी को दी गई विदाई
जमुआ अंचल कार्यालय में राजस्व कर्मचारी इन्द्रनारायण यादव के सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। अंचलाधिकारी नरेश वर्मा ने उनके कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकारी नौकरी में जिम्मेदारी और चुनौती होती है। कार्यक्रम में यादव के अनुभव साझा किए गए और उन्हें शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

जमुआ, प्रतिनिधि। जमुआ अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी इन्द्रनारायण यादव के सम्मान में गुरुवार को विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में अंचल कार्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस अवसर पर जमुआ अंचलाधिकारी नरेश वर्मा ने कहा कि सरकारी नौकरी करना जितना प्रतिष्ठित है, उतना ही जिम्मेदारी भरा और चुनौतीपूर्ण भी है। उन्होंने कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान इन्द्रनारायण यादव ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया, जो अन्य कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। वहीं बीडीओ अमल कुमार ने कहा कि एक सरकारी कर्मचारी को जनता की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने इन्द्रनारायण यादव के उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति या स्थानांतरण के बाद भी उनका अनुभव समाज के लिए उपयोगी रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित कर्मचारियों ने भी इन्द्रनारायण यादव के साथ अपने कार्य अनुभव साझा किए और उनके सरल स्वभाव एवं सहयोगात्मक व्यवहार की सराहना की। मौके पर उन्हें शॉल, पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इन्द्रनारायण यादव ने सभी सहकर्मियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जमुआ अंचल में बिताया गया समय उनके जीवन का अविस्मरणीय अध्याय रहेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




