डेट ऑफ मैन्यूफैक्चरिंग के बिना ही बिक रही है पानी बोतल
बेंगाबाद में डेट ऑफ मैन्यूफैक्चरिंग के बिना बोतलबंद पानी की बिक्री हो रही है। स्थानीय फैक्ट्रियों से बिना बिल के पानी बेचा जा रहा है, जिससे सरकार को राजस्व की भारी क्षति हो रही है। जांच होने पर कई फैक्ट्री संचालकों पर कार्रवाई हो सकती है। डीप बोरिंग से जल स्तर में गिरावट भी देखी जा रही है।

बेंगाबाद, प्रतिनिधि। बेंगाबाद के डाकबंगला चौक से लेकर चपुआडीह छोटकी खरगडीहा बेंगाबाद, एनएच 114 पथ सहित कई चौक चौराहों एवं होटलों में इन दिनों डेट ऑफ मैन्यूफैक्चरिंग के मार्का बिने ही बोतल बंद पानी की धड़ल्ले से बिक्री की जा रही है। डेट ऑफ मैन्यूफैक्चरिंग का मार्का नहीं रहने के बाद भी ग्राहकों के बीच सील बोतल का पानी बेचा जा रहा है और इसके निर्माता द्वारा प्रतिदिन टोटो, ऑटो से जगह जगह पर थोक भाव में सील पानी बोतल की आपूर्ति की जा रही है। इतना ही नहीं बल्कि ब्रांडेड पानी बोतल का नकली स्टीकर भी लगाकर बेखौफ पानी बेचा जा रहा है।
इससे नकली ब्रांडेड पानी बोतल के विश्वसनियता पर भी सवाल उठने लगे हैं। जानकारों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर संचालित पानी फैक्ट्रियों से बेची जाने वाले पानी का बिल तक नहीं काटा जाता है। जिससे राजस्व की चपत के साथ साथ सरकार को राजस्व की भारी क्षति हो रही है। मामले की जांच होने पर प्रखंड क्षेत्र के कई पानी फैक्ट्री संचालकों पर गाज गिरने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। बतला दें कि इन दिनों बेंगाबाद प्रखंड क्षेत्र के कई जगहों पर डीप बोरिंग कर बिना लाइसेंस के ही पानी फैक्ट्री संचालन हो रहा है। इन पानी फैक्ट्रियों में मापदंडों को ताख पर रखकर फैक्ट्री चलाये जाने की भी बात बताई गई है। उदाहरण के तौर पर क्षमता से अधिक हाई डीप बोरिंग से पानी निकासी होने से जल का दोहन हो रहा है। विशेष तौर पर गर्मी के मौसम पकड़ते ही इन पानी फैक्ट्रियों की बात ही निराली हो जाती है। बतला दें कि जल स्तर के नीचे खिसकने और हाई डीप बोरिंग से हो रहे जल दोहन से क्षेत्र पर भी इसका असर पड़ रहा है। इधर जिला फूड पदाधिकारी राजा कुमार ने कहा कि इस बात की उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने मामले की जांच करने की बात कही है। स्पष्ट है कि क्षेत्र में चल रहे इस तरह के धंधा के बारे में संबंधित विभाग को भनक तक नहीं है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



