मुठभेड़ में मारा गया अनल का शव पहुंचा पीरटांड़
सारंडा के जंगल में सुरक्षाबलों के साथ हुई मुठभेड़ में झरहा निवासी पतिराम मांझी उर्फ अनल मारा गया। चार दिन बाद रविवार को उसका शव पीरटांड़ पहुंचा, जहां परिजनों ने उसे स्वीकार किया। एक करोड़ का इनामी नक्सली पतिराम के मारे जाने से गांव में शोक का माहौल है। अंतिम संस्कार सोमवार को होगा।
पीरटांड़, प्रतिनिधि। सारंडा के जंगल मे सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया झरहा निवासी पतिराम मांझी उर्फ अनल का शव चौथे दिन रविवार को देर शाम पीरटांड़ पहुंचा। पीरटांड़ पुलिस ने रविवार देर शाम पतिराम के शव को परिजनों को सौंप दिया है। शव पहुंचने के बाद गांव में मातम पसरा गया। बताया जाता है कि एक करोड़ का इनामी नक्सली पतिराम मांझी उर्फ अनल का शव रविवार को झरहा पहुंचते ही परिजनों के चीत्कार से पूरा गांव दहल उठा। सारंडा में मुठभेड़ के चौथे दिन पुलिस शव को लेकर झरहा पहुंची। पुलिस के द्वारा पतिराम के शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
शव पहुंचने के बाद गांव की सुनसान गलियां व रोते-बिलखते परिजन पतिराम को खोने का दर्द बयां कर रहा था। मृतक पतिराम मांझी का पारम्परिक रीति रिवाज से सोमवार को अंतिम संस्कार किया जायेगा। गौरतलब है कि बीते 22 जनवरी गुरुवार को सारंडा के जंगल मे भाकपा माओवादी संगठन का सेंट्रल कमेटी मेम्बर व एक करोड़ का इनामी पतिराम मांझी उर्फ अनल सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। शव की पहचान पतिराम मांझी के रूप में होने के बाद व कानूनी प्रक्रिया के तहत शव का अंत्यपरीक्षण के बाद रविवार को पीरटांड़ लाया गया और पतिराम के परिजनों को सौंप दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




