
सात शक्तियों को जागृत करना सप्त शक्ति संगम का है लक्ष्य
गिरिडीह के बरगंडा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में सप्त शक्ति संगम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं को श्रीमद् भागवत गीता की शक्तियों से जागरूक करने पर जोर दिया गया। मुख्य वक्ता मीरा तिवारी ने मातृ शक्ति की परंपरा को आगे बढ़ाने और भारतीय संस्कृति को पुनर्स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
गिरिडीह, प्रतिनिधि। बरगंडा स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शुक्रवार को सप्त शक्ति संगम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूनम बरनवाल प्रांतीय टोली सदस्य, कुटुम्ब प्रबोधन आरएएस स्वाति सिंह जिला संयोजिका मीरा तिवारी एवं सरिता कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। अतिथि परिचय पृथा सिन्हा एवं धन्यवाद ज्ञापन निशा श्रेष्ठ ने किया। इस अवसर पर हम ही मातृ शक्ति हैं गीत बहनों ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी की विजेता महिलाओं को पुरस्कार एवं पूर्व छात्र के दो माताओं और अतिथियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। विषय प्रवेश कराते हुए सरिता कुमारी ने कहा कि सप्त शक्ति संगम का लक्ष्य महिलाओं में श्रीमद् भागवत गीता में वर्णित सात शक्तियों कृति श्री वाक स्मृति, मेधा, धृति और क्षमा को जागृत करना है।

यह कार्यक्रम महिलाओं को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने, समाज में नेतृत्व की भूमिका निभाने तथा सांस्कृतिक व पारंपरिक मूल्यों मजबूत करने का प्रयास करना है। मुख्य वक्ता मीरा तिवारी ने कहा कि मातृ शक्ति अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए अपनी बेटियों एवं बच्चों को अच्छे संस्कार के साथ-साथ स्व का भाव जागृत करें। इसके साथ ही परिवार में पर्यावरण की सुरक्षा, सामाजिक चेतना और स्वच्छता की भावना भी हो ऐसा प्रयास करना चाहिए। वर्तमान समय में प्राचीन वैवाहिक परंपराओं से लोग दूर होकर पाश्चात्य सभ्यता का अंधानुकरण कर रहे हैं। समाज में पुन: भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को पुनर्स्थापित करना आवश्यक हो गया है। अध्यक्षीय उद्बोधन में पूनम बरनवाल ने कहा कि वर्तमान समय में संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर संपूर्ण भारत में सप्त शक्ति संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने पर केंद्रित है। स्वाति सिन्हा ने उपभोगवाद से दूर रहकर संयमित, सदाचारी, सीमित, मितव्ययी जीवन शैली अपनाने के लिए महिलाओं को प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त दीदी का सराहनीय योगदान रहा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




