महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर स्वावलंबी बनाने को लेकर बैठक
धनवार नगर पंचायत क्षेत्र में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए एक बैठक आयोजित की गई। नगर अध्यक्ष विनय कुमार संथालिया ने बैठक में महिलाओं को विभिन्न रोजगार के अवसरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने आत्मनिर्भरता के लिए स्वयं सहायता समूहों का महत्व बताया और प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया।

राजधनवार। धनवार नगर पंचायत क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने के उद्देश्य से नावाडीह रोड स्थित टाउन हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष विनय कुमार संथालिया ने की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गान से हुई। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया, जहां उन्हें स्वरोजगार, विभिन्न रोजगार के अवसरों तथा सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष संथालिया ने कहा कि स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और उचित मार्गदर्शन व अवसर मिलने पर वे परिवार ही नहीं, बल्कि समाज की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं।
इस दौरान महिलाओं को एसएचजी गठन, बैंक लोन सुविधा, प्रशिक्षण कार्यक्रम तथा छोटे-छोटे व्यवसाय जैसे सिलाई, बुनाई, पशुपालन, खेती-बाड़ी, मसाला निर्माण, निमकी व समोसा निर्माण, पनीर उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण, ब्यूटी पार्लर, सिलाई सेंटर, डलिया-सूप निर्माण आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। समूहवार उत्पादन सूची तैयार कर संबंधित पदाधिकारी को सौंपने का निर्देश भी दिया गया।जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र में वर्तमान में 96 स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिन्हें और सशक्त एवं मजबूत बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अगले 20 दिनों के भीतर क्षेत्र के 70 प्रतिशत घरों तक पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है। साथ ही उन्होंने यह भी घोषणा की कि यदि समूह 70 प्रतिशत तक उत्पादन शुरू कर देते हैं, तो उनके उत्पादों के लिए स्थायी बाजार की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने महिलाओं को फूल एवं सब्जी की खेती जैसे छोटे-छोटे कार्यों से भी आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जल्द ही महिलाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि उन्हें व्यावहारिक कौशल प्रदान किया जा सके। अंत में महिलाओं से योजनाओं से जुड़कर आगे आने और समाज के विकास में भागीदारी निभाने की अपील की गई। मौके पर अर्चना चौधरी, सीआरपी यशोदा कुमारी, अनिता कुमारी, उषा कुमारी, प्रवीण कुमार शर्मा, देवेंद्र कुमार दुबे, नंदन कुमार, रौशन कुमार सहित कई वार्ड पार्षद एवं सैकड़ों की संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


