रामचरित मानस यज्ञ में आराधना व महाआरती का आयोजन
पीरटांड़ के पालगंज गांव में आयोजित रामचरित मानस यज्ञ सह हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के चलते गांव का माहौल भक्तिमय हो गया है। श्रद्धालुओं ने यज्ञाचार्य के सानिध्य में धार्मिक विधियों का पालन करते हुए रामचरित मानस कथा का श्रवण किया। इस कार्यक्रम में भक्ति गीत और महाआरती के साथ श्रद्धा की लहर दौड़ गई।

पीरटांड़। पीरटांड़ प्रखण्ड का ऐतिहासिक गांव पालगंज में आयोजित रामचरित मानस यज्ञ सह हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव से गांव का माहौल भक्तिमय हो उठा है। प्रतिष्ठा महोत्सव के निमित दूसरे दिन यज्ञाचार्य के सानिध्य में धार्मिक विधियां पूरी की गई। इस दौरान भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने रामचरित मानस कथा का श्रवण कर भक्ति भावना को आत्मसात किया। बताया जाता है कि पालगंज में आयोजित पांच दिवसीय हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सह रामचरित मानस यज्ञ से भक्ति की बयार बह रही है। श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन है। यज्ञाचार्य व विद्वान पंडित के सानिध्य में शुक्रवार को धार्मिक विधियां पूरी की गई।
शुक्रवार को धार्मिक विधि विधान से मंडप पूजन, वेदी पूजन के अलावा अन्नादिवास की विधि पूरी की गई। धार्मिक विधियों के अलावा देर शाम विशेष पूजा आराधना महाआरती व प्रवचन सभा का आयोजन किया गया। आचार्य अलकेश शरण पराशर ने रामचरित मानस कथा की महिमा बताते हुए कहा कि रामचरित मानस एक ग्रंथ ही नहीं बल्कि जीवन जीने की कला सीखने वाला दिव्य मार्गदर्शक है। रामचरित मानस कथा समाज में करुणा प्रेम व सद्भाव का संदेश देता है। जो व्यक्ति सच्चे मन से भगवान को स्मरण करता है, उसकी जीवन की दशा दिशा बदल जाती है। कथा श्रवण आत्मा को जागृत करने का साधन है। कथा धर्म मर्यादा और कर्तव्य का बोध कराती है। कार्यक्रम के दौरान विशेष पूजा आराधना के अलावा भक्ति गीत व जय श्री राम के जयघोष से पालगंज का वातावरण भक्तिमय हो उठा है। भारी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल होकर भक्ति भावना को आत्मसात करने में जुटे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


