कांवर में 51 लीटर जल लेकर 45 किमी की पैदल यात्रा पर निकला शिव भक्त
बगोदर में शिव भक्तों की आस्था सावन महीने में बढ़ जाती है। पांच शिव भक्त हरिहरधाम शिव मंदिर से झारखंडधाम के लिए कांवर यात्रा पर निकले हैं। अमित कुमार ने 51 लीटर जल लेकर यात्रा शुरू की, और सभी ने भगवान...
बगोदर, प्रतिनिधि। सावन महीने में बाबा भोले के प्रति भक्तों की आस्था निराली है। अलग-अलग तरीके से कांवर यात्रा कर बाबा भोले के प्रति शिव भक्तों के द्वारा आस्था जताई जा रही है। गुरुवार को बगोदर में बाबा भोले के प्रति शिव भक्तों की आस्था कुछ इसी तरह से देखने को मिली है। बगोदर के पांच शिव भक्त हरिहरधाम शिव मंदिर से झारखंडधाम शिव मंदिर तक कांवर यात्रा पर निकले है। बगोदर अंतर्गत सरिया रोड के रहनेवाले शिव भक्त अमित कुमार कांवर में 51 लीटर जल लेकर पैदल यात्रा करते हुए झारखंडधाम के लिए निकले। अमित ने बताया कि हरिहरधाम स्थित उत्तर वाहिनी जमुनिया नदी में स्नान कर एवं 51 लीटर जल लेकर झारखंडधाम के लिए कांवड़ यात्रा पर निकले है।
यात्रा पर निकलने के पूर्व उसने शिव मंदिर हरिहरधाम में मत्था टेका एवं संकल्प लिया। उन्होंने बताया कि भगवान शिव के प्रति आस्था एवं विश्वास जताते हुए उन्होंने यात्रा करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि उनके साथ चार अन्य दोस्त (शिव भक्त ) चल रहे हैं, जो रास्ते में उनका सहयोग करेंगे। अमित कुमार को सहयोग करने के लिए रंजीत कुमार महतो, सन्नी कुमार, विकास यादव एवं सन्नी माथुर भी साथ-साथ चल रहे हैं। बोल बम के नारे लगाते हुए शिवभक्तों का जत्था झारखंडधाम के लिए चलता जा रहा है। बताया कि 21 जुलाई को झारखंडधाम पहुंचकर बाबा भोले पर जलाभिषेक करेंगे। बताया जाता है कि शिव मंदिर हरिहरधाम से झारखंडधाम की दूरी लगभग 45 किमी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


