उत्क्रमित हाई स्कूल बरांय को प्लस टू का दर्जा देने की मांग
बगोदर विधानसभा क्षेत्र के बरांय में उत्क्रमित हाई स्कूल को प्लस टू का दर्जा देने की मांग एक बार फिर विधानसभा में उठाई गई है। विधायक नागेन्द्र महतो ने पहले भी इस मांग को उठाया था। उनका कहना है कि इससे स्थानीय छात्रों को आगे की पढ़ाई के लिए दूर-दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

बगोदर, प्रतिनिधि। बगोदर विधानसभा क्षेत्र के बरांय में संचालित उत्क्रमित हाई स्कूल को प्लस टू का दर्जा दिए जाने का मामला एक बार फिर विधानसभा में उठा है। विधायक नागेन्द्र महतो ने मंगलवार को एक बार फिर इस मामले को विस में उठाते हुए इस विद्यालय को उत्क्रमित करते हुए प्लस टू का दर्जा दिए जाने की मांग की है। बता दें पिछले साल भी दिसंबर महीने में विधायक ने विधानसभा सत्र के शून्य काल में इस मांग को उठाया था। चार महीने बीत जाने के बावजूद सरकार के द्वारा मामले में किसी तरह का संज्ञान नहीं लिए जाने पर विधायक ने चार महीने में एक बार फिर से इस मामले को विधानसभा में उठाते हुए उत्क्रमित हाई स्कूल बरांय को प्लस टू का दर्जा दिए जाने की मांग की है।
विधायक के द्वारा इस मामले को विधानसभा सत्र में दूसरी बार उठाए जाने पर अब देखना है कि सरकार इस मामले में कोई पहल करती है या नहीं। विधायक का तर्क है कि पंचायत के इकलौते हाई स्कूल को प्लस टू का दर्जा दिए जाने के बाद पंचायत के छात्र-छात्राओं को हाई स्कूल की पढ़ाई पूरी कर आगे की पढ़ाई के लिए दूर-दराज जाना नहीं पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर छात्र-छात्राओं को आगे की पढ़ाई पूरी करने में सहूलियत होगी। कहा गया है कि उक्त विद्यालय में एक हजार छात्र-छात्राएं नामांकित है। आसपास में प्लस टू स्कूल नहीं होने से पंचायत क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को हाई स्कूल के बाद आगे की पढ़ाई के लिए दूर- दराज जाना पड़ता है। बता दें बरांय पंचायत बगोदर मुख्यालय से तीन से चार किमी की दूरी में स्थित है। यह पंचायत बगोदर विधानसभा में और बिष्णुगढ़ प्रखंड क्षेत्र में पड़ता है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


