
सरिया ओवरब्रिज निर्माण में अब भी लग सकता है एक वर्ष का समय
सरिया में रेल गेट संख्या 20 बी 3 टी पर ओवरब्रिज का निर्माण अब भी एक वर्ष से अधिक का समय लेगा। 73 करोड़ की लागत से शुरू हुए इस कार्य को 18 माह में पूरा करना था, लेकिन दो वर्ष बीत जाने के बाद भी काम धीमी गति से हो रहा है। लोग बदबू और गंदगी से परेशान हैं।
सरिया, प्रतिनिधि। सरिया में रेल गेट संख्या 20 बी 3 टी पर हो रहे ओवरब्रिज निर्माण में अब भी एक वर्ष से अधिक तक का समय लग सकता है। करीब 73 करोड़ की लागत से आरंभ हुए इसके निर्माण कार्य को 18 माह में पूरा करना था, लेकिन दो वर्ष हो बीतने के बाद भी इसका निर्माण कछुए चाल की गति से हो रहा है। इस कारण निर्माण पूरा होने में अब भी एक वर्ष से अधिक समय लग जाने में कोई अतिशयोक्ति नहीं है। बता दें कि निर्माण कार्य में फिलहाल रेल गेट शिफ्टिंग का कार्य चल रहा है। इसके बाद ही निर्माण की गति तेज हो सकती है।

ब्रिज का निर्माण दो तरफ से किया जा रहा है। जिसमे विवेकानन्द चौक की तरफ बन रहे निर्माण में तेजी है, लेकिन दूसरी तरफ पूरी तरह कार्य रोक दिया गया है। जहां एक ओर येन केन प्रकारेण काम हो रहा है, नतीजा इस क्षेत्र में रह रहे लोगो को ऐसा महसूस हो रहा है कि उन्हें सचमुच में नरक की जिंदगी में रहना पड़ रहा है। सुबह उठते ही सड़को पर जमे गंदे पानी की बदबू ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। वहीं पैदल चल रहे लोगों को बदबूदार पानी की छपाक भी शरीर पर बर्दाश्त करने पड़ते है। साथ ही इस स्थल के आसपास का व्यवसाय पूरी तरह बर्वाद हो गया है। फिलहाल सरियावासियो के लिए यह ब्रिज बहुत ही बुरा दिन दिखानेवाली योजना साबित हो रही है। न ही निर्माणकर्ता आकलन कर पाते है और न ही आम अवाम। हालांकि लोगों के मन में यह टीस जरूर है कि ओवरब्रिज का श्रेय लेनेवाले प्रतिनिधि अब तक पीड़ितों का कष्ट तक सुनने या जानने के लिए नही पहुंचे है। बस इस इंतजार में है कि कब काम पूर्ण हो और वे पूरे ताम झाम के साथ पहुंचे और कैची से फीता काटकर अपना जयकारा लगवा लें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




