चंदौरी बगिया के प्रवासी मजदूर की कोलकाता में मौत
तिसरी प्रखंड के चंदौरी बगिया के 32 वर्षीय प्रवासी मजदूर मनोज ठाकुर की कोलकाता में इलाज के दौरान मौत हो गई। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की मदद से उनका शव गांव लाया गया। पत्नी और परिजनों के विलाप से गांव में मातम छा गया। मनोज कुछ समय से बीमार थे और इलाज के दौरान उनकी मौत हुई।
तिसरी। तिसरी प्रखंड के चंदौरी बगिया के 32 वर्षीय प्रवासी मजदूर मनोज ठाकुर की सोमवार को कोलकाता में इलाज के दौरान मौत हो गई है। मनोज ठाकुर कोलकाता के एक सैलून में काम करते थे। पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के प्रयास और सहयोग से मनोज ठाकुर के शव को एम्बुलेंस द्वारा कोलकाता से चंदौरी गांव स्थित उसका घर लाया गया है। मृतक प्रवासी मजदूर मनोज ठाकुर का शव गांव पहुंचते ही उनकी पत्नी, मां व अन्य परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। पत्नी, बच्चे और मां के चीत्कार से पूरा चंदौरी बगिया दहल उठा। वहीं देखते ही देखते गांव में मातम पसर गया।
इस सम्बन्ध में बताया गया कि चंदौरी बगिया के निवासी राम जी हजाम के पुत्र व प्रवासी मजदूर मनोज ठाकुर काफी दिनों से कोलकाता में रहकर काम करते थे। कुछ दिनों पहले किसी कारणवश उनकी तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद वह बीमार चल रहे थे। चार दिन पहले उनकी फिर से तबीयत ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद साथियों द्वारा उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया और इसकी सूचना परिजनों को दी गई। मनोज ठाकुर की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने के बाद परिजन कोलकाता पहुंचे। इधर मनोज ठाकुर का अस्पताल में इलाज चल ही रहा था, तभी इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। मनोज की मौत के बाद उनके शव को परिजनों द्वारा गांव लाने की तैयारी चल रही थी। लेकिन शव लाने की किसी तरह की व्यवस्था नहीं हो पा रही थी। परिजनों का सारा पैसा मनोज ठाकुर के इलाज में ही खत्म हो चुका था। जिसके कारण कोई उपाय नहीं दिखाई दे रहा था। तत्पश्चात भाजपा के चंदौरी मंडल अध्यक्ष सुनील साव ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से फोन पर बात कर मनोज ठाकुर के शव को गांव लाने की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई। इस मामले को पूर्व मुख्यमंत्री मरांडी ने गंभीरता से लिया और उन्होंने कोलकाता में फौरन एम्बुलेंस की व्यवस्था कराई। वहीं मंडल अध्यक्ष सुनील साव द्वारा सब कुछ लाइनअप किया गया जिसके बाद मनोज ठाकुर के शव को गांव लाया गया। मनोज ठाकुर के शव के गांव पहुंचते ही भाजपा के चंदौरी मंडल अध्यक्ष सुनील साव, पंचायत समिति सदस्य गोपी रविदास, मुखिया पति राजकुमार दयाल, सुनील यादव, रमभीर राम, विपिन शर्मा, संतोष साव सहित भारी संख्या में गांव की महिलाएं और पुरुष मृतक के घर पहुंचे और लोगों ने शोक जताया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




