Gridih News: जलीय सूर्य मंदिर के मुख्य मार्ग पर बना गड्ढा बना जानलेवा
Gridih News: जमुआ के मिर्जागंज-जगन्नाथडीह स्थित जलीय सूर्य मंदिर के मुख्य मार्ग पर गहरा गड्ढा राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। बारिश के पानी से गड्ढा भर गया है, जिससे लोग दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। स्थानीय दुकानदार और मंदिर समिति पथ निर्माण विभाग से हालात सुधारने की मांग कर रहे हैं।

Gridih News: जमुआ, प्रतिनिधि। मिर्जागंज-जगन्नाथडीह स्थित प्रसिद्ध जलीय सूर्य मंदिर के मुख्य मार्ग पर बना गहरा गड्ढा राहगीरों और श्रद्धालुओं के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।
स्थानीय प्रशासन की लापरवाही
लगातार हो रही बारिश का पानी गड्ढे में भर जाने से वाहन चालकों को इसकी गहराई का सही अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे आए दिन लोग दुर्घटनाग्रस्त होकर गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। रात के अंधेरे में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। स्थानीय दुकानदारों और मंदिर समिति का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद पथ निर्माण विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह बेखबर है।
श्रावण मास का संकट
पवित्र श्रावण मास में यहां श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का जनसैलाब उमड़ रहा है, लेकिन मुख्य मार्ग की बदहाली दूर करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता बिजय चौरसिया ने शुक्रवार को स्थल का जायजा लिया। उन्होंने तुरंत गिरिडीह के उपायुक्त से दूरभाष पर संपर्क कर समस्या से अवगत कराया और सड़क की अविलंब स्थायी मरम्मत तथा बिजली व्यवस्था सुचारू करने की मांग की। बिजय चौरसिया ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मीडिया में पर्यटन विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पूर्व में श्रावण से पहले प्रशासनिक अधिकारी यहां आकर संवाद और निरीक्षण करते थे, परंतु इस वर्ष उदासीनता बरती जा रही है।


