मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
गिरिडीह में जिला कांग्रेस कमेटी ने बढ़ती पेट्रोलियम कीमतों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने नारे लगाते हुए आम जनता को शामिल किया। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर महंगाई का बोझ डालने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिले के कई पेट्रोल पंपों पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में आम लोगों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में बैनर और झंडे लेकर पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्य वृद्धि वापस लो, महंगाई पर रोक लगाओ, केंद्र सरकार इस्तीफा दो के नारे लगा रहे थे। कार्यक्रम में राजेश तुरी, बिलाल अहमद हुसैनी, ओवैस अंसारी, नागेश्वर मंडल, गुड्डू मलिक समेत कई प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद खाड़ी युद्ध के नाम पर केंद्र सरकार लगातार जनता का शोषण कर रही है।
उन्होंने कहा कि पहले भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम आज से ज्यादा थे, लेकिन तब भी मौजूदा दर से कम कीमत पर पेट्रोल-डीजल मिलता था। केडिया ने आरोप लगाया कि जब जनता पहले से परेशान है, ऐसे समय में महंगाई का बोझ डालना अन्याय है। खाद्य पदार्थ भी अप्रत्याशित मूल्य वृद्धि के शिकार हैं। सरसों तेल 200 रुपये किलो तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि महंगाई बम पर तुरंत नियंत्रण जरूरी है, वरना हालात और मुश्किल हो जाएंगे। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार ने मूल्य वृद्धि वापस नहीं ली तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


