Hindi NewsJharkhand NewsGridih NewsCompletion of Multi-Specialty Hospital in Dumri Enhanced Healthcare for 400 000 Residents
डुमरी में 3.40 करोड़ से बना 50 बेड का मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल

डुमरी में 3.40 करोड़ से बना 50 बेड का मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल

संक्षेप:

डुमरी रेफरल अस्पताल परिसर में 50 बेड वाले मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह अस्पताल 3 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से तैयार हुआ है और इसमें 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। अस्पताल का संचालन अगले वित्तीय वर्ष तक शुरू होने की उम्मीद है, जिससे चार लाख की जनसंख्या को लाभ मिलेगा।

Dec 03, 2025 01:22 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गिरडीह
share Share
Follow Us on

डुमरी, प्रतिनिधि। डुमरी रेफरल अस्पताल परिसर में 50 बेड वाले मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। लगभग 3 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से तैयार हुए इस अस्पताल को भवन निर्माण निगम रांची ने करीब 6 हजार वर्गफुट क्षेत्र में फेब्रिकेटेड मॉडल के तहत तैयार किया है। अब अस्पताल के संचालन संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के लिए उच्च अधिकारियों से मांग की जायेगी। अगले वित्तीय वर्ष तक इसके शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। चार लाख आबादी को मिलेगा लाभ: अस्पताल के शुरू हो जाने पर डुमरी के साथ पीरटांड़, बगोदर, तोपचांची और नावाडीह प्रखंड की करीब चार लाख की आबादी को उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

अस्पताल पूरी तरह वातानुकूलित और आधुनिक तकनीक के अनुसार चिकित्सा सेवाओं से सुसज्जित होगा। बताया जाता है कि अस्पताल में 24 घंटे विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता रहेगी। आपातकालीन सर्जरी सुविधा के लिए उन्नत ऑपरेशन थिएटर और अत्याधुनिक उपकरण स्थापित किए जाएंगे। यहां विशेषज्ञ सर्जन, ऑर्थोपेडिशियन, एनेस्थीसियोलॉजिस्ट और जनरल ड्यूटी डॉक्टर तैनात रहेंगे। साथ ही आईसीयू, सीसीयू और जनरल वार्ड की व्यवस्था की गई है। ऑर्थोपेडिक रोग, बाल रोग, नियोनेटोलॉजी, जनरल व लेप्रोस्कोपिक सर्जरी सहित कई विभाग संचालित होंगे। जल्द शुरू करने की करेंगे मांग: प्रभारी: डुमरी रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजेश महतो ने बताया कि मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल शुरू होने के बाद गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अब मरीजों को रांची, बोकारो, धनबाद और अन्य शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कहा कि वे उच्च अधिकारियों से अगले वितीय वर्ष प्रारंभ होते ही अस्पताल को चालू कराने का आग्रह करेंगे। क्या है मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल: मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल सामान्य अस्पताल होते हैं, जो कई तरह की बीमारियों का इलाज करते हैं। जिनमें चिकित्सा की विभिन्न शाखाओं जैसे गायनेकोलॉजी, ऑर्थोपेडिक्स, न्यूरोलॉजी, कॉर्डियोलॉजी, प्रजनन, यूरोलॉजी सहित अन्य चिकित्सा क्षेत्र में विशेषज्ञता रखनेवाले चिकित्सक मरीजों का इलाज करते हैं।