Gridih News: सहानुभूति की मिसाल: नेता को नया जीवन देने में जुटे लोग
Gridih News: बगोदर के घंघरी गांव में भाकपा माले नेता गजेन्द्र महतो के इलाज के लिए ग्रामीणों ने एकजुटता दिखाई। गंभीर बीमारी से जूझ रहे महतो के इलाज में 40 लाख रुपए का खर्च आएगा। ग्राम सभा में 4 लाख 50 हजार रुपए की राशि एकत्रित की गई, जिसमें सबसे बड़ा योगदान महिलाओं का रहा। गांव के लोग और प्रवासी मजदूरों ने भी सहायता प्रदान की।

Gridih News: बगोदर। इंसानियत और एकजुटता की मिसाल बगोदर प्रखंड के घंघरी गांव में देखने को मिली। यहां के पूर्व जिला परिषद सदस्य सह भाकपा माले नेता गजेन्द्र महतो के इलाज के लिए गांव से लेकर विदेश तक हाथ बढ़ रहे हैं। पिछले कई महीनों से गजेन्द्र महतो गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। वर्तमान में वे तमिलनाडु के वेल्लोर में इलाजरत हैं। डॉक्टरों ने इलाज पर 40 लाख रुपए से अधिक खर्च आने का अनुमान जताया है। ऐसे में उनके समर्थक और आमजन सहयोग के लिए आगे आए हैं। शनिवार को घंघरी गांव में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें अब तक जमा हुई सहयोग राशि की जानकारी साझा की गई।
भाकपा माले के वरीय नेता परमेश्वर महतो ने बताया कि अब तक 4 लाख 50 हजार रुपए की राशि जमा हो चुकी है। इसमें सबसे बड़ा योगदान घंघरी गांव की महिलाओं का है। जिन्होंने 2 लाख रुपए एकत्र कर सहयोग किया। इसके अलावा बेको पूर्वी एवं पश्चिमी पंचायत के युवा वर्ग और ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सहयोग राशि उनके बैंक एकाउंट में भेज दी गई है। ग्राम सभा में यह भी बताया गया कि विदेशों और महानगरों में रहने वाले प्रवासी मजदूर ऑनलाइन के माध्यम से राशि भेज रहे हैं। जिले के विभिन्न प्रखंडों से भी गजेन्द्र महतो के शुभचिंतक आर्थिक सहयोग कर रहे हैं। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि गजेन्द्र महतो ने अपने सामाजिक और राजनीतिक जीवन में हमेशा गरीबों और जरूरतमंदों की मदद की है। आज उन्हें हमारी मदद की जरूरत है। मौके पर पूरन महतो, रामेश्वर यादव, हीरामन प्रसाद, कुमोद यादव, चौधरीबांध के मुखिया संजय यादव, पोखरिया के मुखिया प्रदीप महतो, नीतीश कुमार, खेमलाल महतो सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि अपने चहेते नेता के इलाज के लिए आगे भी सहयोग जारी रहेगा और उन्हें स्वस्थ कर वापस लाया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


