पाप से मुक्ति दिलाने जग में आया राजा यीशु
गिरिडीह में क्रिसमस का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। यीशु के जन्मदिन पर गिरिजाघरों को सजाया गया और प्रार्थना सभाएं आयोजित की गईं। बच्चों ने सांता क्लॉस के रूप में कार्यक्रमों में भाग लिया। विभिन्न...

गिरिडीह, प्रतिनिधि। यीशु के मंगलवार की अर्द्धरात्रि में चरनी में जन्म लेते ही पूरा मसीह समाज क्रिसमस के उत्साह में डूब गया। आज एक बालक जन्मा है, जो संसार का राजा है, ग्लोरिया, ग्लोरिया....., जैसे कई क्रिसमस आधारित कैरोल के साथ सोमवार को क्रिसमस का आगाज हुआ। बताया गया कि पाप से मुक्ति देने के लिए जग में राजा यीशु आया है। बुधवार को पूरे जिले में क्रिसमस धूमधाम से मनाया जा रहा है। प्रभु यीशु का जन्मदिन हर्षोल्लास पूर्वक मनाने गिरिडीह के विभिन्न गिरिजाघर को आकर्षक तरीके से सजाया गया था। रंग-बिरंगी रोशनी में सराबोर चर्च परिसर की खूबसूरती देखते ही बन रही थी। चर्च परिसर में भव्य गोशाला का निर्माण कराया गया है, जो कि काफी मनमोहक है।
बुधवार को क्रिसमस पर सीएनआई चर्च पचंबा, पीएच चर्च कोलडीहा, पीएच चर्च जंगलपुरा, क्रिस्त राजा चर्च मोहनपुर समेत अन्य चर्च में अलग अगल समय पर प्रार्थना सभा होगी। जिसमें बाइबिल के प्रमुख अंशों को पढ़ा जायेगा। लोगों को विनम्र बनने और शांति के संदेशों को सुनाया जाएगा। क्रिसमस को लेकर इसाई धर्मावलंबियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। गिरजाघर के समीप मोमबत्ती, केक आदि की कई अस्थायी दुकानें सज गई है। बच्चों के लिए झूले भी लगाये गये हैं।
सीएनआई चर्च में हुई आराधना : क्रिसमस से पूर्व संध्या पर मंगलवार शाम को सीएनआई चर्च पचंबा में इसाई धर्मावलंबियों ने चर्च आराधना की। चर्च का संचालन रेव्ह सन्नी दास एवं पूर्व रेव्ह एफ टी हांसदा ने संयुक्त रूप से किया। समुदाय को संदेश देते हुए रेव्ह सन्नी दास ने कहा कि मसीह यीशु का जन्म हम सभी के उद्धार के लिए हुआ है। बाइबल में लिखा है कि जो कोई उस पर विश्वास करेगा वह अनंत जीवन पाएगा। यीशु मसीह का जन्म गौशाला के चरणी में हुआ था और लोगों के लिए उन्होंने उद्धार का मार्ग खोला। उन्होने हमें एक दूसरे से प्रेम करना सिखाया। क्रिसमस को लेकर में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सभी लोग एक दूसरे को क्रिसमस की बधाई और शुभकामनाएं दें रहे है।चर्च आराधना के उपरांत प्रेसबीटर की अगुवाई में कैंडल मार्च भी किया गया। इस मौके पर गिरिडीह के अलावा अन्य जिलों व राज्यों से भी लोग शामिल होने पहुंचे थे। चर्च आराधना के बाद कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच सांता क्लॉस के द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया। इसके बाद लोगों ने क्रिसमस केक खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी। मौके पर रंजना जेकब, विलियम जेकब, दीपक वेसली, संदीप वेसली, ख्रिस्टो प्रकाश मरांडी, संचिता मरांडी, आराधना, सतीश कश्यप, ग्लोरिया, जॉय हेम्बरम, प्रतुल चौधरी, सुभाष मंडल, जॉय केशप, जोनाथन पीटर, रॉनी रोहन, झरना दिपाली समेत कई लोग थे।
बीएनएस डीएवी में बच्चों ने की खूब मस्ती : गिरिडीह, प्रतिनिधि। सिरसिया स्थित बीएनएस डीएवी में मंगलवार को क्रिसमस डे उत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें नर्सरी से कक्षा 6 तक के छात्रों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बच्चों ने खूब मस्ती की। कार्यक्रम का प्रारंभ वैदिक परंपरा के अनुरूप हवन-यज्ञ से किया गया। छात्र सांता के परिधान में मनमोहक और आकर्षक लग रहे थे। विद्यालय के शिक्षक देव बनर्जी ने सांता क्लाज का रुप धारण कर छात्रों को चॉकलेट वितरित किया। साथ ही अंतर सदनीय सोलो डांस प्रतियोगिता भी संपन्न करवाई गई। जिसमें छात्रों ने एक से बढ़कर एक नृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता-2024-025 में विजेता छात्रों को प्राचार्य योगेश्वर शर्मा के द्वारा पुरस्कृत किया गया और क्रिसमस एवं नववर्ष की शुभकामना दी गई।
डीएवी सीसीएल बीपीएल बच्चों के बीच स्वेटर वितरण : डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल गिरिडीह के प्रांगण में मंगलवार को क्रिसमस दिवस मनाया गया। इस अवसर पर बीपीएल बच्चों के बीच स्वेटर वितरण किया गया। मौके पर छोटे-छोटे नन्हे मुन्ने बच्चे लाल- लाल परिधानों में सेंटा बनकर विद्यालय आए थे। सेंटा बने बच्चों के बीच ही उपहार बांटा और उनके संदेश को आगे बढ़ाया। प्राचार्य ओम प्रकाश गोयल एवं सीसीएल गिरिडीह के महाप्रबंधक बासब चौधरी की पहल से सीसीएल प्रबंधन के द्वारा सीसीएल डीएवी पब्लिक स्कूल में कक्षा एलकेजी से कक्षा छठीं तक के बीपीएल के बच्चों को स्वेटर का वितरण किया गया। इस अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल के प्राचार्य ओम प्रकाश गोयल, शबाना रब्बानी, विश्वनाथ घोषाल ने बच्चों को स्वेटर प्रदान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ईईडीपी की सभी शिक्षिकाओं ने अहम योगदान दिया। मौके पर शिक्षिका काकोली शाहा, विजय पाठक, मोइना गोस्वामी, अनीता ओझा, जुली कुमारी, पूजा सिन्हा, स्मिता डे, नेहा कुमारी, रूबी तिवारी, निधि सिन्हा, बीना भारती, सुष्मिता कुमारी, बद्री प्रसाद एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।
डीपीएस में क्रिसमस कार्निवल का आयोजन : दिल्ली पब्लिक स्कूल गिरिडीह में मंगलवार को क्रिसमस कार्निवल का आयोजन किया गया। स्कूल में क्रिसमस कार्निवल धूमधाम से मनाया गया। एक छोटे बच्चे ने सांता क्लोज बनकर सभी छात्र-छात्राओें व अभिभावकों का मन मोह लिया। मौके पर शिक्षक शिक्षकाओं एवं बच्चों ने मिलकर मेला का आयोजन किया। जिसमें भिन्न भिन्न स्टॉल में विभिन्न प्रकार के व्यंजन उपलब्ध थे। विभिन्न प्रकार के गेम्स के साथ बच्चों ने झूला का भी आनंद उठाया। प्राचार्य सोनी तिवारी और उपप्राचार्य विकास सिन्हा के दिशा-निर्देशन में सभी शिक्षक शिक्षिकाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाया। चेयरमैन ऋषि सलूजा व डायरेक्टर त्रिलोचन सिंह सलूजा ने मेला का अवलोकन किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।