ढ़ोल-बाजे के साथ मां दुर्गे को दी गई विदाई
गिरिडीह में शनिवार को चैती दुर्गा पूजा का समापन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने ढ़ोल-बाजे के साथ मां दुर्गे की प्रतिमा का विसर्जन किया। महिलाओं ने खोईछा भराई और सिंदूर लगाने की रस्म निभाई। सेंट्रलपीट से निकले श्रद्धालुओं ने प्रतिमा को मानसरोवर तालाब में विसर्जित किया। यहां भारी भीड़ उमड़ी और कलाकारों ने नृत्य प्रस्तुत किया।

गिरिडीह। प्रतिमा विसर्जन के साथ शनिवार को चैती दुर्गा पूजा का समापन हो गया। शहरी क्षेत्र व आसपास ढ़ोल-बाजे के साथ मां दुर्गे को विदाई दी। नाचते-गाते हुए श्रद्धालुओं ने मां दुर्गे की प्रतिमा का विसर्जन स्थानीय तालाब में किया। प्रतिमा विसर्जन से पूर्व श्रद्धालु महिलाओं ने मां दुर्गे की खोईछा भराई व सिंदूर लगाने की रस्म को पूरा किया। इस दौरान महिलाओं ने सिंदूर की होली भी खेली। शहर के गांधी चौक के समीप स्थित छोटकी दुर्गा मंडप, कोलडीहा स्थित चैती दुर्गा मंडप, बरगंडा स्थित चैताली दुर्गा मंडप, सेंट्रलपीट दुर्गा मंडप, बनियाडीह में भाजपा नेता मनोज सिंह के आवास समेत अन्य दुर्गा मंडपों की प्रतिमा का विसर्जन शनिवार को किया गया।
हर साल की तरह इस साल भी सेंट्रलपीट से श्रद्धालु भक्त कांधे पर मां दुर्गे की प्रतिमा लेकर निकले। कांधे पर मां दुर्गे की प्रतिमा लेकर श्रद्धालु जय दुर्गे का जयकारा लगा रहे थे। सेंट्रलपीट से लगभग तीन-चार किमी की दूरी तय करके बरवाडीह, बड़ा चौक होते हुए श्रद्धालुओं ने मां दुर्गे की प्रतिमा का विसर्जन मानसरोवर तालाब बरवाडीह में किया। इधर, बनियाडीह में मां दुर्गे व अन्य देवी देवताओं की प्रतिमा को वाहन पर ले जाकर बिजली तालाब में विसर्जित किया गया। विसर्जन कोलकाता के कलाकार ने नृत्य से समां बांध दिया। प्रतिमा विसर्जन के दौरान मां दुर्गे को अंतिम विदाई देने श्रद्धालुओें की भारी भीड़ उमड़ी। वहीं कोलियरी क्षेत्र के सेंट्रलपीट में प्रतिमा विसर्जन जुलस में झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, मेयर प्रमिला मेहरा, डिप्टी मेयर सुमित कुमार सहित कई लोग शामिल हुए। सेंट्रलपीट दुर्गापूजा कमेटी के लोगों ने अतिथियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। इधर कोलडीहा के चैती दुर्गा मंडप में शनिवार शाम को मां दुर्गे को सिंदूर लगाने महिला भक्तों की भीड़ उमड़ी। शाम को यहां ढोल-तासे की धुन पर श्रद्धालुओं ने लाठी खेल का प्रदर्शन किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


