तीन प्रत्याशियों ने अध्यक्ष पद से नाम लिया वापस
बड़की सरैया नगर पंचायत चुनाव में शुक्रवार को तीन प्रत्याशियों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली। इनमें अध्यक्ष पद के दो और वार्ड पार्षद पद का एक प्रत्याशी शामिल है। अध्यक्ष पद के लिए अब 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान 23 फरवरी को होगा। पूर्व प्रमुख रामपति प्रसाद की पत्नी ने पार्टी हित में नाम वापस लिया।

सरिया, प्रतिनिधि। बड़की सरैया नगर पंचायत चुनाव को लेकर शुक्रवार को तीन प्रत्याशियों ने अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली, जिनमें अध्यक्ष पद के दो तथा वार्ड पार्षद पद के एक प्रत्याशी शामिल हैं। निर्वाचित पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए सुनीता देवी (पति श्री रामपति प्रसाद) एवं कौशल्या देवी ने अपना नाम वापस ले लिया है, जिसकी आधिकारिक पुष्टि कर दी गई है। वहीं सीओ सह निर्वाची पदाधिकारी संतोष कुमार ने जानकारी दी कि वार्ड संख्या-4 के एक प्रत्याशी ने भी अपनी उम्मीदवारी वापस ली है। उल्लेखनीय है कि अध्यक्ष पद के लिए गुरुवार को कुल 19 प्रत्याशियों के नामांकन स्वीकृत किए गए थे।
शुक्रवार को दो नाम वापस लिए जाने के बाद अब अध्यक्ष पद के लिए कुल 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अध्यक्ष पद का मतदान 23 फरवरी को होगा। इससे पूर्व 7 फरवरी को चुनाव चिन्ह का आवंटन किया जाएगा, जिसके बाद चुनावी गतिविधियां तेज होने की संभावना है। अध्यक्ष पद के लिए जहां एक ओर कुछ धनाढ्य परिवारों के प्रत्याशी मैदान में हैं, वहीं सामाजिक कार्यों से जुड़े उम्मीदवार भी अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे हैं। नगर पंचायत के 12 वार्डों के लिए गुरुवार को नामांकन स्वीकृत किए गए थे। शुक्रवार को एक नाम वापस लिए जाने के बाद अब 12 वार्डों के लिए कुल 80 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस प्रकार अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों को मिलाकर कुल 97 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व प्रमुख रामपति प्रसाद की पत्नी सुनीता प्रसाद द्वारा नाम वापस लिए जाने को लेकर रामपति प्रसाद ने बताया कि यह फैसला पार्टी हित में लिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा पहले ही शोभा देवी को अपना समर्थित उम्मीदवार घोषित किया जा चुका था, इसलिए पार्टी के निर्देशानुसार यह कदम उठाया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


