बेटी जनने के कारण महिला को ससुराल से निकाला
बेंगाबाद में एक विवाहिता को बेटी के जन्म के बाद ससुरालवालों द्वारा घर से निकाल दिया गया। पीड़िता ने पति और ससुरालवालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है, लेकिन तीन महीने बाद भी आरोपी गिरफ्तार नहीं हुए।...

बेंगाबाद। बेटी के जन्म देने पर ससुरालवालों द्वारा एक विवाहिता को घर से निकाल देने का मामला प्रकाश में आया है। इतना ही नहीं उसकी दोनों पुत्री को भी साथ नहीं ले जाने दिया गया। ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग पीड़िता ने नवडीहा ओपी के बघैयडीह में अपने मायके में रहने को विवश है। यह मामला बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत के मेहाबांक गांव का है। इस सिलसिले में पीड़िता प्रीति देवी ने ससुराल वालों के विरुद्ध थाना कांड संख्या 122/2024 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़िता ने कहा कि थाना में केस दर्ज हुए तीन माह बीत गया है, लेकिन केस के अनुसंधानकर्ता द्वारा आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। इंसाफ के लिए पीड़िता गिरिडीह एसपी के पास भी पहुंची, लेकिन अभी तक पुलिस द्वारा किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नहीं होने से वह टूट चुकी है और इंसाफ के लिए दर दर भटक रही है। पीड़िता द्वारा थाना में दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि आठ वर्ष पहले मेहाबांक के मनुलाल के साथ उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद उसने दो पुत्रियों को जन्म दिया। पुत्री जनने के बाद ससुराल वाले उसे उलाहना देने लगे और बेटियों की शादी के खर्च के लिए परिजनों से पांच लाख रुपए मांग कर लाने की बात कहकर मारपीट व प्रताड़ित करने लगे। पीड़िता के मां पिता गरीब है इसलिए इतनी राशि देने में असमर्थता जताई।
दहेज की राशि नहीं देने पर पीड़िता को जान मारने का प्रयास
कहा कि पांच लाख मायके से लाने में असमर्थतता जताने पर ससुराल वालों ने उसे कुआं में डालने का प्रयास किया। किसी तरह उसने जान बचाई। इस मामले को लेकर सामाजिक स्तर पर पंचायत भी हुई और गिरिडीह महिला थाना में ससुराल वालों ने समझौता भी किया, लेकिन वे लोग अपनी हरकत से बाज नहीं आये और दिनांक 08 अक्टूबर वर्ष 2023 को बारह बजे रात में उसे ससुराल से निकाल दिया और उसकी दोनों बेटियों को अपने पास रख लिया। इस सिलसिले में पीड़िता ने 12/09/2024 को थाना में ससुराल वालों के विरूद्ध केस दर्ज कराया है। इस मामले में पति, भैंसूर, गोतनी को नामजद किया गया है। बतला दें कि सुसंगत धारा के तहत पुलिस आरोपियों को नोटिस तामिल कर उसे थाना बुलाने एवं थाना नहीं आने पर उसे गिरफ्तार कर जेल भेजने का अधिकार है। फिर भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने से पीड़िता ने गिरिडीह एसपी का इस ओर ध्यान आकृष्ट कराया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।