अतिक्रमण हटा, पर कचरे का लगा है अंबार

हिन्दुस्तान, गिरडीह
Follow us on Google News
share

बगोदर बाजार में अतिक्रमण हटाने के बाद बदलाव तो आया, लेकिन कचरे के ढेर ने बाजार की सुंदरता को बिगाड़ दिया है। फुटपाथी दुकानदारों द्वारा छोड़े गए मलबे और गंदगी ने नेहरू चौक के हालात को बदतर बना दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से सफाई की उम्मीद कर रहे हैं, वरना बगोदर की छवि खराब हो जाएगी।

अतिक्रमण हटा, पर कचरे का लगा है अंबार

बगोदर, प्रतिनिधि। अतिक्रमण हटाओ अभियान के बाद बगोदर बाजार की सूरत तो बदली, लेकिन अब कचरे के अंबार ने बाजार को बदसूरत बना दिया है। फुटपाथी दुकानें हटने के बाद दुकानदारों ने मलबा, टूटी-फूटी बांस-बल्ली, प्लास्टिक, कागज और अन्य सामान जैसे-तैसे छोड़ दिया। सबसे खराब हाल नेहरू चौक का है। यहां हर तरफ कचरा बिखरा पड़ा है। जहां पहले दुकानें सजी थीं, अब वहां गंदगी का ढेर बाजार की खूबसूरती को निगल रहा है। अतिक्रमण हटने से मिली खुली जगह कचरे से पट गई है। फुटपाथी दुकानदारों को दुकानें हटने का मलाल है। ऐसे में उनसे सफाई की उम्मीद करना बेमानी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अब प्रशासन को ही आगे आना होगा। बाजार की सुंदरता लौटाने के लिए संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों को सफाई की जिम्मेदारी देनी होगी। तभी नियमित सफाई संभव है। अगर जल्द कचरा नहीं उठा तो बगोदर बाजार की पहचान एक गंदे बाजार के रूप में बन जाएगी। इस रोड से गुजरनेवाले लोगों की नजर में भी बगोदर की छवि खराब हो रही है। अतिक्रमण हटाना आधा काम है, सफाई के बिना अभियान अधूरा है। प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेकर कचरा उठवाना चाहिए, वरना स्वच्छ बगोदर का सपना अधूरा रह जाएगा। बता दें कि फुटपाथी दुकानदारों के द्वारा अपनी दुकान के आसपास रोज सफाई की जाती थी। नेहरू चौक में एक व्यक्ति के द्वारा रोज सुबह में सफाई की जाती थी, इसके एवज में उसे प्रति दुकानदारों के द्वारा 5 रुपए दिए जाते थे। अब सफाई के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था की जरूरत है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।